जिले में अधिकृत 17 कोच निखार रहे है खेल प्रतिभाओं को

कलक्टर ने निर्देश पर खेल अधिकारी ने की कार्यों की समीक्षा
उदयपुर 14 मार्च। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा की मंशा के अनुरूप खेल प्रतिभाओं को तराशने, उन्हें निखारने एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उन्हें आगे बढ़ाने के लिए खेल विभाग तत्पर है। विभाग की ओर से विभिन्न खेलों के लिए राजस्थान क्रीडा परिषद की ओर से जिले में एक दर्जन से अधिक नियमित व अल्पकालीन कोच नियुक्त किये गये है जो खिलाडि़यों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान कर तैयार कर रहे हैं।
जिला कलक्टर के निर्देश पर मंगलवार को जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन ने गांधी ग्राउंड में सभी अधिकृत कोचेस की बैठक लेकर उनके द्वारा दी जा रही खेल प्रशिक्षण व खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समस्त कोच राज्य सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न खेलों के खिलाडि़यों को गांधी ग्राउण्ड, खेलगांव व लवकुश स्टेडियम में नियमित रूप से निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की हिदायत दी।
हुसैन ने बताया कि राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद द्वारा जिले में विभिन्न खेलों के लिए अधिकृत कोच नियुक्त किये गये हैं, वहंीं कतिपय निजी खेल संस्थाओं, अकादमियों और अन्य खेल संगठनों द्वारा कोच के नाम पर अनधिकृत ट्रेनर्स को नियुक्त कर खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है जो कि राज्य सरकार द्वारा अधिकृत कोच नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में बताया कि नेशनल इंस्टीट्यूट और स्पोर्ट्स से डिप्लोमा करने वाले श्रेष्ठ खिलाडि़यों को ही कोच नियुक्त किया जाता है और वे ही सही मायनों में राज्य सरकार द्वारा अधिकृत कोच हैं। इसके अतिरिक्त जिन खेलों के लिए कोच नियुक्त नहीं हैं उन खेलों के लिए ‘पे एण्ड प्ले’ योजना के आधार पर जिले में अल्पकालिक कोच नियुक्त किये गये हैं जो कि एथलेटिक्स, बेडमिंटन, बास्केटबॉल, कयाकिंग, हॉकी, तीरंदाजी, कुश्ती, कबड्डी आदि का निर्धारित शुल्क लेकर प्रशिक्षण दे रहे है। इसके अतिरिक्त तैराकी में राष्ट्रीय व राज्य स्तर के खिलाडियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा है वहीं शौकियाना तैराकों से निश्चित शुल्क लिया जा रहा है।
जिले में ये है अधिकृत कोच:
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि जिले में श्रीमती सुनीता भण्डारी, अजीत जैन, दिलीप भण्डारी, महेश पालीवाल, अर्जुनसिंह राठौड़, हिमंाशु राजौरा व नरपत सिंह चुण्डावत अधिकृत नियमित कोच है। वहीं प्रवीण सिंह, सोहिल मेहता, उषा आचरज, निश्चय सिंह चौहान, संजय खान, भृगराज सिंह, हेमन्त अठवाल, रूद्र प्रताप सिंह, कनिष्का चौहान व कपिल जैन अल्पकालीन कोच है।

जिला स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला 16 को
उदयपुर 14 मार्च। जिला उद्योग केन्द्र व दलित इण्डियन चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के तत्वावधान में डॉ भीमराव अम्बेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना 2022 के प्रचार प्रसार के संबंध में 16 मार्च को अपराह्न 3 बजे जिला कलक्टर ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में हिरणमगरी सेक्टर 3 स्थित हॉटल प्राइड में आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित होगी। यह जानकारी जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने दी।
–000–

त्यौहारों पर कानून व्यवस्था संबंधी बैठक आज
उदयपुर 14 मार्च। आगामी 23 मार्च को चेटीचंड व हिंदू नववर्ष पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा, 24 मार्च को गणगौर सवारी व 30 मार्च को रामनवमी आदि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए उदयपुर नगर व जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु 15 मार्च को शाम 5 बजे जिला मजिस्ट्रेट ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित होगी। कलक्टर ने बताया कि  जिला परिषद सभागार में होने वाली इस बैठक में शोभायात्रा के आयोजक, शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी भाग लेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!