महिला मेट की नियुक्ति से महिला सशक्तिकरण को मिला बढ़ावा-जिला कलक्टर

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला मेट एवं सुरक्षा सखी संवाद तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

भीलवाड़ा, 9 मार्च। जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी की पहल पर जिले में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को महिला मेट एवं सुरक्षा सखी संवाद तथा प्रशिक्षण का आयोजन नगर परिषद टाउन हॉल में किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी के साथ पुलिस अधीक्षक श्री आदर्श सिधू सहित विभिन्न पंचायत समितियों के प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं महिला मेट तथा अधिकारी मौजूद रहें।

जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी ने कार्यक्रम के दौरान मौजूद महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण किया जा रहा है, साथ ही महिलाओं के माध्यम से मनरेगा का भी सुदृढ़ीकरण हो रहा है। जिले में शत प्रतिशत महिला मेट के नियोजन के लिए उन्होंने सभी सरपंचों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिला मेट के नियोजन से मनरेगा में भ्रष्टाचार के मामलों में कमी आई है।

राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य मनरेगा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराना है एवं मनरेगा में महिला मेट की नियुक्ति से कार्य की गुणवत्ता बढ़ रही है तथा महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है। जिले में पुलिस विभाग तथा जिला परिषद के माध्यम से प्रत्येक पंचायत समिति पर कैंप लगाकर महिला मेटो को सुरक्षा सखी के रूप में पंजीकृत किया गया। श्री मोदी ने कहा कि सभी सुरक्षा सखी का दायित्व है कि सभी समस्याओं को पुलिस प्रशासन को अवगत कराएं जिससे प्रत्येक ग्राम अपराध मुक्त हो सके। मुख्यमंत्री श्री गहलोत की पहल पर राज्य में एफआईआर अनिवार्य की गई है, इससे त्वरित कार्यवाही होगी।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री आदर्श सिधू ने इस दौरान कहा कि जिले की समस्त महिलाएं निर्भर, निडर रहे एवं कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने महिला सशक्तिकरण हेतु महिला सुरक्षा सखी अभियान शुरू किया है। महिलाओं को जब जब मौका मिला हैं, उन्होंने विकास के नए आयाम आयामों को छुआ हैं।

राजस्थान सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है। सुरक्षा सखी योजना के माध्यम से पुलिस तथा महिलाओं के बीच संवादहीनता को खत्म किया जा रहा है। सुरक्षा सखियों के साथ निरंतर बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी भी रूप में पुरुषों से कम नहीं हैं।

कार्यक्रम के दौरान जिले में मनरेगा की उपलब्धियों से भी अवगत करवाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत राजीविका की महिलाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तत्पश्चात कार्यक्रम में पधारे हुए विभिन्न प्रधानों ने महिला दिवस के अवसर पर अपने अपने विचार व्यक्त किये। महिलाओं की स्थिति को और भी मजबूत करने पर बल दिया गया। जिससे और  बेहतर समाज की स्थापना की जा सके।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) ब्रह्मालाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा, मांडल प्रधान शंकरलाल, बदनोर प्रधान ऐश्वर्या, जहाजपुर प्रधान सीतादेवी गुर्जर, शाहपुरा प्रधान माया देवी जाट सहित विभिन्न प्रधान, सरपंच, जनप्रतिनिधि, जिले के विकास अधिकारी, महिला मेट व आमजन मौजूद रहे।

जिला कारागृह में एनसीडी शिविर आयोजित

भीलवाड़ा, 9 मार्च। जिला कारागृह में जेल चिकित्सक अभिषेक शर्मा के प्रयासों से बंदियों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए एनसीडी शिविर का आयोजन किया गया ।

जिला कारागृह के अधीक्षक ने बताया कि शिविर में कुल 279 बंदियों की जांच की गई। जिसमें 6 पुरूष बंदी डाईबिटीक मेलाईटिस (शुगर) के, 7 पुरूष बंदी में हाईपरटैंशन (बी.पी.) एवं 1 महिला बंदी डाईबिटीक मेलाईटिस व हाईपरटैंशन से पीडित पाये गये। जिनको उचित ईलाज एवं फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा एक्सरसाइज करवाई गई।

कैंप में फिजिशियन डॉ सुरेश गजराज, जेल अधीक्षक भैरू सिंह राठौड़, कारापाल मुकेश जारोटिया मौजूद रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!