महिला एवं बाल चिकित्सालय में 1 करोड़ 90 लाख की लागत से अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण

चिकित्सा संसाधनों में नहीं आएगी कमी, जिले में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी दुरुस्त- सुरेंद्र सिंह जाड़ावत  
राज्यमंत्री श्री जाड़ावत ने की साढ़े 6 करोड़ की अत्याधुनिक मशीनों की घोषणा

चित्तौड़गढ़, 6 मार्च। जिला मुख्यालय स्थित महिला एवं बाल चिकित्सालय में 15 लाख की लागत से 12 बेड के शिशु उच्च निर्भरता इकाई आईसीयू एचडीयू एवं 1 करोड़ 75 लाख की लागत की सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण मुख्य अतिथि राजस्थान धरोहर प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष (राज्य मंत्री) सुरेंद्र सिंह जाड़ावत एवं जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल की अध्यक्षता में हुआ।

श्री जाड़ावत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने चिकित्सा के क्षेत्र में चित्तौड़गढ़ विधानसभा को अनेकों सौगातें दी है। मुख्यालय पर शीघ्र ही सेटेलाइट हॉस्पिटल, बस्सी में उप जिला चिकित्सालय एवं चंदेरिया में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी शुरू हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में धन की कोई कमी नहीं आएगी, हॉस्पिटल के लिए आवश्यक अन्य संसाधन एवं मशीनों के लिए भी हम किसी भी मद से पैसा लाकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान श्री जाड़ावत ने 5 करोड़ की लागत की एमआरआई मशीन, 50 लाख की लागत की इको मशीन एवं 1 करोड़ रुपए की लागत की सेंट्रल कूलिंग सिस्टम लगाने की घोषणा की।

जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने कहा कि आगामी गर्मी को देखते हुए पीएमओ की मांग पर हॉस्पिटल के वार्डों में कूलिंग सिस्टम के लिए डीएमएफटी फंड से स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इस दौरान जनप्रतिनिधि सहित हॉस्पिटल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!