सनराइज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट उदयपुर में आयोजित हुई संविधान दिवस पर संगोष्ठी
उदयपुर। संविधान दिवस के अवसर पर सनराइज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट उदयपुर में संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं विकसित भारत के संकल्प को लेकर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रुप में सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने कहा कि अगर इतिहास देखा जाए तो कांग्रेस के शासन में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान में 70 से अधिक बार संशोधन कर अपने निजी हित साधे गए जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अटल बिहारी वाजपेयी के भाजपा शासन में संविधान की रक्षा कर दलित, पिछडे, जनजाति और ओबीसी वर्ग को भी आगे बढाने के प्रयास किए गए।
समारोह में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. कैलाश जी डांगा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन हरीश राजानी ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता मन्नालाल रावत ने कहा कि कांग्रेस ने तो बाबा साहेब को संविधान समिति में जाने भी रोकने का प्रयास किया। जवाहरलाल नेहरु ने 1951 में मंत्रिमंडल से त्याग पत्र लेकर अपमानित किया और 1952 में नेहरु ने बाबा साहेब के खिलाफ चुनाव प्रचार किया। नेहरु ने ही बाबा साहेब के हिन्दू कोड बिल को अस्वीकार किया। संविधान निर्माण के प्रारुप प्रस्ताव में धारा 370 शामिल नहीं थी उसको नेहरु ने शामिल किया। धर्म के आधार पर आरक्षण की तुष्टिकरण नीति को जबरन लागू किया, जबकि बाबा साहेब यह नहीं चाहते थे। बाद के कालखंड में भी कांग्रेस ने मंडल कमीशन में ओबीसी आरक्षण को लेकर रोडे अटकाए और 1975 में इमरजेंसी लागू कर जनता को मूलभूत अधिकार से वंचित किया, लोकतंत्र की हत्या की। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय पिछडा वर्ग संवैधानिक आयोग बनाया और नारी शक्ति वंदन लागू कर महिला आरक्षण की राह प्रशस्त की। कांग्रेस नारी शक्ति वंदन कानून को लागू करने में भी रोड़ा बन रही है। भाजपा ने आदिवासी वर्ग की द्रोपदी मूर्मु, रामनाथ कोविद व एपीजे अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति जैसा ओहदा देकर दलित व वंचित वर्ग का सम्मान किया।
उन्होंने कहा कि अंबेडकर के सपनों का भारत साकार करने की दिशा में मोदी सरकार निरंतर कार्य कर रही है। डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा संविधान में परिकल्पित सामाजिक न्याय, समानता एवं अधिकारों की भावना को वर्तमान सरकार विभिन्न नीतियों एवं कानूनों के माध्यम से धरातल पर उतारने का प्रयास कर रही है। उन्होंने तीन तलाक जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने नए कानूनों एवं नियमों के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
मुख्य अतिथि प्रो. कैलाश डांगा ने अपने उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना आज के युवाओं के कंधों पर टिका है। देश का भविष्य युवाओं की सोच, उनकी ऊर्जा, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं एवं मुद्दों के माध्यम से भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने के प्रयास होते हैं, लेकिन युवाओं को इनसे प्रभावित हुए बिना अपनी सकारात्मक सोच, विवेक एवं रचनात्मक क्षमता के आधार पर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के चेयरमैन हरीश राजानी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल्यों, कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में बालूदान बारहठ, युवा प्रतिनिधि रीतू अहारी, गजेंद्र सिंह चौधरी सहित संस्थान के प्राध्यापकगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंबेडकर के सपनों का भारत साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही मोदी सरकार: सांसद मन्नालाल रावत
