तप साधना से होती है आंतरिक व बाह्य शुद्धिःडॉ. सुरेन्द्र मुनि

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 18 नवम्बर। देवेन्द्र धाम स्थित महावीर समवशरण में बुधवार को श्तप दिवसश् के उपलक्ष्य में धर्मसभा का आयोजन हुआ। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने भगवान महावीर द्वारा बताए गए तप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तप के 12 प्रकारों का विवेचन किया। उन्होंने कहा कि तप साधना से व्यक्ति की आंतरिक व बाह्य शुद्धि होती है और यह आत्मकल्याण के साथ-साथ जीवन व शरीर को भी स्वस्थ रखती है।
डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने जीवन में संयमित और शुद्ध आहार की महत्ता बताते हुए कहा कि हमारा खान-पान पूर्णतः शुद्ध होना चाहिए। भोजन केवल स्वाद के लिए नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन की सार्थकता के लिए भोजन के साथ भजन भी आवश्यक है। जिस प्रकार मशीनों को संचालित करने के लिए ईंधन की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार भोजन शरीर के संचालन का माध्यम है। मात्र भोजन कर लेने से कार्य पूर्ण नहीं होता, उसका भली-भांति पाचन होना भी उतना ही आवश्यक है, क्योंकि पाचन के अभाव में शरीर रोगग्रस्त हो जाता है। समय पर और सीमित मात्रा में भोजन करने वाला व्यक्ति सदैव तंदुरुस्त रहता है।
धर्मसभा में श्रमण संघीय प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने भगवान महावीर स्वामी द्वारा प्रदत्त कठोर तप का विस्तार से विवरण दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी कार्य की सफलता के लिए तप आराधना आवश्यक है। शास्त्रों में मन, वचन और काया के रूप में तीन प्रकार के तप प्रतिपादित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, एलोपैथिक व प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ-साथ श्तप पद्धतिश् (उपवास/फास्ट) भी शरीर को अत्यधिक स्वास्थ्य लाभ पहुँचाती है।
मंगल भावना व भण्डारे का आयोजन
सभा में उपाध्याय रमेश मुनि एवं दीपेश मुनि ने सभी के प्रति मंगल भावना व्यक्त की। इस अवसर पर महेन्द्र लोढ़ा के पौत्र अर्हम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में लोढ़ा परिवार की ओर से समस्त आगत श्रावक-श्राविकाओं का अल्पाहार द्वारा स्वागत किया गया तथा आम नागरिकों के लिए भण्डारे का आयोजन किया गया। संघ एवं समाज की ओर से आयोजक परिवार का हार्दिक अभिनंदन किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!