मास्टर ट्रेनर्स का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण प्रारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

जनगणना 2027
जयपुर, उदयपुर, 17 नवम्बर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु राजस्थान राज्य के 106 मास्टर ट्रेनर्स का चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 20 नवम्बर 2026 तक राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान जयपुर में आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मंगलवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेन्टर, जयपुर में श्री भवानी सिंह देथा, प्रमुख शासन सचिव, राजस्थान सरकार की अध्यक्षता में किया गया । प्रशिक्षण का आयोजन श्री बिष्णु चरण मल्लिक निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय राजस्थान के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय श्री बिष्णु चरण मल्लिक ने स्वागत भाषण में जनगणना 2027 के प्रथम और द्वितीय चरण में प्रशिक्षकों की संख्या बताते हुए कहा “प्रथम चरण में राज्य में 103 मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से प्रशिक्षण व्यवस्था संचालित की गई थी। इस बार जनसंख्या गणना के लिए मास्टर ट्रेनर्स की संख्या बढ़ाकर 106 की गई है। इनमें 72 मास्टर ट्रेनर्स राज्य सरकार के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों से तथा 34 मास्टर ट्रेनर्स जनगणना निदेशालय से हैं। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इन 106 मास्टर ट्रेनर्स में 24 नए मास्टर ट्रेनर्स भी सम्मिलित हैं, जो इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना प्रशिक्षण व्यवस्था से पहली बार जुड़ रहे हैं। आज से प्रारंभ हो रहे इस कार्यक्रम में सम्मिलित मास्टर ट्रेनर्स राज्य के सभी जिलों से चयनित लगभग 2,660 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करेंगे। फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 2 दिसंबर 2026 से जिला मुख्यालयों पर प्रारंभ किया जाएगा। इसके पश्चात ये फील्ड ट्रेनर्स अपने-अपने क्षेत्रों में नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।“
प्रमुख शासन सचिव श्री देथा ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षणार्थियों को पूरी निष्ठा एवं दक्षता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर जनगणना कार्य को सफल बनाने का आह्वान किया। श्री देथा ने जनगणना को राष्ट्र निर्माण का महत्त्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि – जनगणना केवल जनसंख्या की गणना करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का व्यापक एवं प्रामाणिक चित्र प्रस्तुत करने वाला राष्ट्रीय दायित्व है। जनगणना से प्राप्त आँकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, परिवहन तथा अन्य लोक कल्याणकारी नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं। जनगणना के आँकड़े शासन को यह समझने में सहायता करते हैं कि देश और राज्य की जनसंख्या कहाँ, किस परिस्थिति में और किन आवश्यकताओं के साथ निवास कर रही है। इस दृष्टि से जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की सही गणना तथा प्रत्येक सूचना की शुद्धता अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।

श्री मल्लिक ने जनगणना समय सारणी बताते हुए राज्य में घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का मुख्य फील्ड कार्य 25 जनवरी 2027 से प्रारंभ होकर 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाना तथा इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण दौरा आयोजित किया जाना बताया। इसके पूर्व आमजन को स्वयं अपनी गणना करने अर्थात् स्व-गणना का विकल्प 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगा। उद्घाटन कार्यक्रम में निदेशालय के अधिकारियों सहित राज्य के विभिन्न जिलों से आए 106 मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया। चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनसंख्या गणना से संबंधित प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!