उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का भव्य समापन, भीलवाड़ा के तीनों घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स टैंक और नेहरू तलाई पर उमड़े श्रद्धालु, सूर्य की पहली किरण के साथ व्रतियों ने की पूजा-अर्चना; जयकारों और पारंपरिक गीतों के बीच संपन्न हुआ चार दिवसीय महापर्व
भीलवाड़ा। लोकआस्था, श्रद्धा और अटूट विश्वास के महापर्व छठ का सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत समापन हुआ। शहर के मानसरोवर झील, वाटर वर्क्स टैंक और लव गार्डन स्थित नेहरू तलाई पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की। पूर्वांचल जन चेतना सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय महापर्व के अंतिम दिन तीनों छठ घाटों पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल रहा।
सोमवार तड़के से ही घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाओं ने सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना एवं पूजन सामग्री सजाकर सूर्य उपासना की। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार व्रत का पारण किया गया। घाटों पर गूंजते छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आस्था, तपस्या और अनुशासन का अनूठा पर्व
छठ महापर्व की विशेषता इसकी कठिन साधना, स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता में निहित है। इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में व्रती पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। भीलवाड़ा में भी पूर्वांचल समाज के साथ अन्य समाजों के लोगों की भागीदारी ने पर्व को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सद्भाव का स्वरूप दिया।
समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि तीनों छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की गई थीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। भीलवाड़ा में रहने वाले पूर्वांचल समाज के लोगों के लिए यह पर्व अपनी मिट्टी, परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का विशेष अवसर है।
उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि नई पीढ़ी भी अपनी लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समझे तथा उनसे जुड़ी रहे। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सांस्कृतिक सद्भाव को मजबूत करते हैं।
समिति अध्यक्ष अरुण राय ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। समिति का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से पूर्वांचल की परंपराओं को जीवंत बनाए रखना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
श्रद्धा और उल्लास के साथ विदा हुआ छठ महापर्व
चार दिवसीय छठ महापर्व के समापन के साथ ही शहर के तीनों छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। सूर्य उपासना, छठी मैया के जयकारों और लोकगीतों के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने भीलवाड़ा में पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था की खूबसूरत तस्वीर पेश की।
आयोजन के दौरान पूर्वांचल जन चेतना सेवा समिति के डॉ. अशोक सिंह, एच.एल. बघेल, आनंद राय, विजयानंद झा, सचिव ओमप्रकाश सिंह, रोशन सिंह, कामेश्वर सिंह, सूरज गुप्ता सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!