सड़क दुर्घटना में दिवंगत लोगों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
फतहसागर की पाल पर आयोजित होगा कैंडल मार्च
उदयपुर, 14 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में प्रतिवर्ष विश्वभर में मनाए जाने वाले ‘वर्ल्ड डे ऑफ रिमेंबरेंस फॉर रोड ट्रैफिक विक्टिम्स’ के अवसर पर रविवार, 15 नवंबर 2026 को उदयपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।यह आयोजन परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, आधार फाउंडेशन (फाउंडेशन फॉर रोड सेफ्टी), जिला पुलिस एवं गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत शाम को फतहसागर की पाल पर कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ज्ञान देव विश्वकर्मा ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य केवल दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि देना ही नहीं, बल्कि आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना भी है। प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित चलना चाहिए, स्वयं सुरक्षित रहना चाहिए और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करके अनेक अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। यातायात पुलिस उपाधीक्षक भंवर चौधरी ने कहा कि प्रत्येक वाहन चालक को यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करना चाहिए। वाहन चलाते समय लापरवाही न बरतें और यह संकल्प लें कि हम स्वयं भी सुरक्षित रहेंगे तथा सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों को भी सुरक्षित रखेंगे। हमारी थोड़ी सी सावधानी किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है।
आधार फाउंडेशन के सीईओ नारायण चौधरी ने बताया कि वर्ल्ड डे ऑफ रिमेंबरेंस विश्वभर में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लाखों लोगों की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन उन परिवारों के दर्द और संघर्ष को याद करने का अवसर भी है, जिन्होंने सड़क दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोया है। इस दिन हम दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ यह संकल्प लेते हैं कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में कैंडल मार्च में शामिल होकर दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करें और सड़क सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।
गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के मार्केटिंग हेड कल्पेश राजबार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान समय पर चिकित्सा सहायता एवं इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण है। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल किसी भी आपातकालीन परिस्थिति एवं ट्रॉमा केयर की आवश्यकता होने पर घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। हमारा प्रयास है कि समय पर उपचार देकर अधिक से अधिक लोगों का जीवन बचाया जा सके।
