अल्पवर्षा से प्रभावित पश्चिमी राजस्थान में गोवंश की स्थिति का जायजा लेने तीन दिवसीय दौरे पर विधायक कोठारी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

-गौशालाओं का निरीक्षण कर चारा-पानी की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
-जनप्रतिनिधियों व जिला कलेक्टरों से करेंगे चर्चा
-राहत एवं संरक्षण की कार्ययोजना बनाकर सरकार को भेजेंगे

भीलवाड़ा 12 नवंबर। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बाड़मेर एवं जैसलमेर सहित सीमावर्ती जिलों में अल्पवर्षा के कारण उत्पन्न गंभीर जल संकट और चारे की कमी से गोवंश के सामने खड़ी हुई चुनौती को देखते हुए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर गोवंश के लिए संचालित सहायता केंद्रों एवं गोशालाओं का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, चारा-पानी की उपलब्धता तथा गोवंश की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
दौरे के दौरान विधायक कोठारी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करने के साथ ही गौशाला संचालकों और गौसेवकों से संवाद कर रहे हैं। उनका उद्देश्य मौजूदा संकट के समय गोवंश को अधिकाधिक राहत उपलब्ध कराने के लिए व्यावहारिक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है।
इसी क्रम में आज सुबह विधायक कोठारी ने श्री पादरुद रजत गौशाला, मसूदा पहुंचकर गौमाता एवं नंदी बाबा के दर्शन किए तथा गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध चारे, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी लेते हुए गौसेवा और संरक्षण के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव दिए।
विधायक कोठारी ने कहा कि गोवंश का संरक्षण केवल किसी एक संस्था या गौशाला की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का सामूहिक दायित्व है। वर्तमान परिस्थितियों में गौशालाओं, गौसेवकों, सामाजिक संस्थाओं एवं दानदाताओं को मिलकर आगे आना होगा, ताकि जल एवं चारे के संकट से जूझ रहे गोवंश को समय पर राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रवास के दौरान क्षेत्र के विधायकों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित जिलों के जिला कलेक्टरों से भी संवाद किया जाएगा। चर्चा के माध्यम से यह समझने का प्रयास होगा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए गोवंश को सुरक्षित रखने, चारा-पानी की व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति देने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। इन सभी सुझावों एवं आवश्यकताओं के आधार पर एक समग्र कार्ययोजना तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जाएगी, ताकि शासन स्तर पर भी आवश्यक सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
विधायक कोठारी ने यह भी बताया कि इस अभियान में पथमेड़ा गौशाला की एक विशेष टीम उनके साथ रहेगी, जो गौशालाओं की व्यवस्थाओं एवं गोवंश की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में सहयोग करेगी। इसके साथ ही निजी दानदाताओं, भामाशाहों एवं सामाजिक संगठनों से गौसेवा के लिए सहयोग जुटाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी, जिससे संकटग्रस्त क्षेत्रों में चारा, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
उल्लेखनीय है कि विधायक अशोक कुमार कोठारी विगत लंबे समय से पश्चिमी राजस्थान में गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं। वर्तमान दौरे को भी इसी दिशा में जमीनी स्थिति का आकलन कर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, गौशालाओं एवं समाज के सहयोग से स्थायी एवं प्रभावी समाधान तलाशने की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक कोठारी के साथ सुनील जागेटिया, विवेक निमावत सहित गौसेवक उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!