भीलवाड़ा, 12 नवंबर। गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने तथा संपूर्ण भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध सहित विभिन्न मांगों को लेकर संचालित राष्ट्रीय गौ सम्मान आव्हान अभियान के तीसरे चरण के तहत 17 दिसंबर 2026 को जयपुर में प्रदेश के मुख्य सचिव को राज्यपाल, मुख्यमंत्री, महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम संबोधित 51 करोड़ हस्ताक्षरों से युक्त प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी गई हैं। इनमें संपूर्ण भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को राष्ट्रमाता अथवा राष्ट्र आराध्य का सम्मान प्रदान करने तथा गौ सेवा के लिए केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन कर देशभर में एक समान केंद्रीय कानून लागू करने की मांग शामिल है।
मीडियाप्रभारी दिलीप सोनी ने बताया कि तीसरे चरण को सफल बनाने एवं अभियान के समर्थन में अधिकाधिक गौ भक्तों के हस्ताक्षर करवाने के उद्देश्य से भीलवाड़ा जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला समन्वयक एवं भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी तथा गौ भक्त सुनील जागेटिया के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित गोशालाओं का दौरा कर संतों, गोशाला संचालकों एवं गौ भक्तों से संपर्क किया गया।
इस दौरान जिला संत श्रीलाल जी महाराज, संभाग प्रभारी नन्द किशोर साहू, जिला प्रभारी जगदीश तेली, गोशाला समिति जिलाध्यक्ष गोपाल बांगड़, कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक एवं सोशल मीडिया प्रभारी हरीश श्रोत्रिय ने खजीना, बीगोद, त्रिवेणी चौराहा, माण्डलगढ़, चांदजी की खेड़ी, तिलस्वां, शक्करगढ़, जहाजपुर, पण्डेर एवं शाहपुरा क्षेत्र की गोशालाओं का दौरा किया।
जनसंपर्क के दौरान गोशाला संचालकों, संतों एवं गौ भक्तों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने, अधिकाधिक लोगों के हस्ताक्षर करवाने तथा 17 दिसंबर को जयपुर पहुंचकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गौ माता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
अभियान के माध्यम से गौ माता को संवैधानिक एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने तथा गौ संरक्षण के लिए प्रभावी केंद्रीय व्यवस्था स्थापित करने की मांग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
गौ सम्मान आव्हान अभियान के तीसरे चरण को लेकर भीलवाड़ा जिले में व्यापक संपर्क
