• तस्कर अरविन्द मीणा और उसके परिजनों की संपत्तियों पर कार्रवाई
• एनडीपीएस एक्ट के अध्याय-5ए के तहत वाहन, भूखण्ड और बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा।
• राजस्थान के छह जिलों में फैले मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े बड़े तस्करों के साथ सांठगांठ उजागर।
• वर्ष 2026 में मादक पदार्थ तस्करों की संपत्तियां फ्रीज करवाने की बारां पुलिस की यह 10वीं कार्रवाई।
जयपुर 11 नवम्बर। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध बारां पुलिस ने ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत बड़ी आर्थिक कार्रवाई की है। पुलिस ने विस्तृत वित्तीय अनुसंधान के बाद तस्कर अरविन्द मीणा निवासी भटगांव तथा उसके परिजनों के नाम पर अर्जित करीब 3.76 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट के अध्याय-5ए के प्रावधानों के तहत फ्रीज करवाया है। इस कार्रवाई में वाहन, भूखण्ड और विभिन्न बैंक खातों में हुए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।
पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत पुलिस थाना हरनावदाशाहजी ने यह कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा अरविन्द मीणा के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया गया। अनुसंधान में सामने आया कि अरविन्द मीणा ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से आय अर्जित कर स्वयं एवं अपने परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदी थीं।
पुलिस द्वारा तैयार प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (FOP) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सक्षम प्राधिकारी द्वारा करीब 3.76 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की गई।
वाहन, भूखण्ड और बैंक खातों में करोड़ों का लेन-देन
वित्तीय अनुसंधान में अरविन्द मीणा के साथ उसके भाई दीपक मीणा, पत्नी सुनीता बाई और साले लोकेश के नाम पर संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई। इनमें एक बोलेरो जीप, तीन मोटरसाइकिल तथा पत्नी सुनीताबाई के नाम पर कस्बा हरनावदाशाहजी में स्थित 25×40 वर्गफीट का भूखण्ड शामिल है। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेन-देन भी वित्तीय जांच में सामने आया है।
603 किलोग्राम डोडा-चूरा के प्रकरण से जुड़ा वित्तीय अनुसंधान
अरविन्द मीणा के विरुद्ध दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के प्रकरण में 603 किलोग्राम डोडा-चूरा की वाणिज्यिक मात्रा जब्त की गई थी। इसी प्रकरण में तस्करी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों की गहन जांच की गई। अनुसंधान में सामने आया कि अरविन्द मीणा ने बड़े मादक पदार्थ तस्कर गिरोहों के साथ सांठगांठ और षड्यंत्र कर तस्करी से अवैध आय अर्जित की तथा उससे संपत्तियां बनाई।
छह जिलों तक फैला तस्करी नेटवर्क उजागर
वित्तीय अनुसंधान में अरविन्द मीणा के संपर्क एवं संलिप्तता जिन प्रमुख मादक पदार्थ तस्करों के साथ सामने आई, उनमें रिजवान खान निवासी पीपाड़ सिटी (जोधपुर), सलीम मियां निवासी टोंक, श्रवणराम निवासी बीसलपुर (जोधपुर), विजयकुमार निवासी सवाई माधोपुर तथा सुरेश गुर्जर निवासी माण्डलगढ़ (भीलवाड़ा) शामिल हैं।
पुलिस अनुसंधान के अनुसार अरविन्द मीणा का तस्करी नेटवर्क जोधपुर, टोंक, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, सिरोही और झालावाड़ सहित राजस्थान के छह जिलों में फैला हुआ था। इस नेटवर्क से जुड़े बड़े तस्करों के साथ उसकी सांठगांठ का भी खुलासा हुआ है।
वर्ष 2026 में संपत्ति फ्रीज की 10वीं कार्रवाई
बारां पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत वर्ष 2026 में तस्करों की संपत्तियां फ्रीज करवाने की यह 10वीं कार्रवाई है। पुलिस का उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित आर्थिक साम्राज्य पर प्रहार कर तस्करी नेटवर्क को कमजोर करना है।
कार्रवाई में विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस थाना हरनावदाशाहजी के थानाधिकारी भंवरसिंह आरपीएस, पुलिस अधीक्षक कार्यालय बारां के विमलेश मेहता उपनिरीक्षक एवं सर्वेश मेहता कांस्टेबल तथा पुलिस थाना हरनावदाशाहजी के गिरवर और जीतेन्द्र कांस्टेबल की विशेष भूमिका रही।
