सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान, 2000 कम्पोस्टेबल बैग बांटे

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 5 नवंबर। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के पांचवें दिन गुरुवार को राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के तहत सब्जी मंडी में फल एवं सब्जी विक्रेताओं को 2000 कम्पोस्टेबल कैरी बैग वितरित किए गए।
कृषि मंडी सविना में फल एवं सब्जी विक्रेता संघ के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कपड़े के थैले वितरित किए गए। वहीं मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, उप वन संरक्षक कार्यालय, वन विभाग, नगर निगम, जिला कलेक्टर कार्यालय एवं जनसंपर्क कार्यालय में लगभग 150 कपड़े के थैले, मिट्टी की बोतलें और कुल्हड़ वितरित किए गए।
यूसीसीआई भवन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 उद्योगों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध एवं इसके विकल्पों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा सेलिब्रेशन मॉल एवं अर्बन स्क्वायर मॉल में आने वाले लोगों को 200 कपड़े के थैले वितरित किए गए।
यूसीसीआई भवन में आयोजित दो दिवसीय ई-वेस्ट संग्रहण शिविर में अब तक करीब 2.5 टन ई-वेस्ट एकत्रित किया जा चुका है। शुक्रवार 6 नवंबर को प्रातः 10ः30 बजे यूसीसीआई भवन के टेम्पसेंस हॉल में ई-वेस्ट नियमों पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें करीब 50 होटल, अस्पताल एवं उद्योगों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
क्षेत्रीय अधिकारी विनय कट्टा ने उद्योगों, विक्रेताओं एवं आमजन से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद कर कपड़े के थैले, स्टील एवं मिट्टी की बोतलों तथा कम्पोस्टेबल बैग अपनाने की अपील की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!