भीलवाड़ा, 04 नवम्बर। युवाओं एवं आमजन को तंबाकू सेवन की लत से बचाने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिले में टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 के तहत व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत जिले के चिकित्सा संस्थानों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर इससे बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्मिकों द्वारा विभिन्न चिकित्सा संस्थानों एवं ग्राम पंचायतों में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इस दौरान लोगों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। विशेष रूप से किशोरों एवं युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना बेहद जरूरी है। इसके लिए सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जागरूकता का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
