विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर युवाओं ने रखे विचार
हन्नी सिंह राठौड़ रहे प्रथम
उदयपुर, 02 नवंबर। मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2027 के अंतर्गत महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय युवा संसद (यूथ पार्लियामेंन्ट) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के निदेशक छात्र कल्याण डॉ. विक्रमादित्य दवे के सहयोग से किया गया। प्रतियोगिता में उदयपुर जिले के 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव (वन नेशन, वन इलक्शन)’ निर्धारित किया गया था। इस दौरान प्रतिभागियों ने विषय के विभिन्न संवैधानिक, लोकतांत्रिक एवं नीतिगत पहलुओं पर अपने विचार, तर्क एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में युवाओं के बीच विचारों की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया, जिसमें सुश्री चंद्रकला चौधरी, सत्येंद्र मेहता, डॉ. जफर खान, डॉ. विक्रमादित्य दवे एवं सोमशेखर व्यास शामिल रहे। सभी पांच निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों का स्वतंत्र रूप से मूल्यांकन एवं अंकन किया गया। संयुक्त मूल्यांकन के उपरांत अंतिम मेरिट के आधार पर शीर्ष तीन विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में हन्नी सिंह राठौड़ ने प्रथम स्थान, अंजलि गाछा ने द्वितीय स्थान तथा कुनिक अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत आयोजित इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं एवं चयनित प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय चरण में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिसका आयोजन जयपुर में किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित युवा इसके पश्चात राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर का आयोजन नई दिल्ली में संसद परिसर में राष्ट्रीय युवा महोत्सव के अंतर्गत प्रस्तावित है।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक एवं तार्किक चिंतन, लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक नीति की समझ विकसित करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए मंच प्रदान करना है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।
