– ‘चाणक्य – निवेश की नीति’ थीम पर आज से शुरू होगा आयोजन,
– निवेशकों, युवाओं, व्यवसायियों और आमजन को भी मिलेगा भाग लेने का अवसर
उदयपुर, 23 अक्टूबर। झीलों की नगरी उदयपुर में पहली बार कैपिटल मार्केट यानी पूंजी बाजार विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। आईसीएआई उदयपुर शाखा के अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने बताया कि भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान की वित्तीय बाजार एवं निवेशक जागरूकता समिति के तत्वावधान में आईसीएआई उदयपुर शाखा की ओर से यह सम्मेलन 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को रामी रॉयल रिजॉर्ट एंड स्पा, उदयपुर में आयोजित होगा। सम्मेलन की थीम ‘चाणक्य – निवेश की नीति प्राचीन बुद्धिमत्ता, आधुनिक बाजार’ रखी गई है। इसका उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक निवेश रणनीतियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए प्रतिभागियों को विवेकपूर्ण निवेश के प्रति जागरूक करना है। सम्मेलन में देशभर से लगभग एक हजार से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, वित्तीय विशेषज्ञों, निवेशकों एवं अन्य प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। दो दिवसीय आयोजन में पूंजी बाजार की बदलती परिस्थितियों, निवेश के नए अवसरों, जोखिम प्रबंधन और दीर्घकालीन संपत्ति निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक एवं ज्ञानवर्धक चर्चा होगी।कांफ्रेंस डायरेक्टर सीसीएम सीए रोहित रुवाटिया होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो गौरव जी वल्लभ होंगे। विशिष्ट अतिथि महापौर पारस जी सिंघवी एवं वंडर सीमेंट लिमिटेड के जीएम महेश मानसिंघा होंगे।
– देशभर के प्रतिष्ठित वित्तीय विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव
कांफ्रेंस कन्वीनर सीए देवेन्द्र सोमानी ने बताया कि राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित वित्तीय विशेषज्ञ एवं वक्ता अपने अनुभव साझा करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य प्रो. (डॉ.) गौरव वल्लभ, इक्विटी एवं निवेश विशेषज्ञ सीए सुनीत काबरा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इक्विट्री कैपिटल एडवाइजर्स, मुंबई; सीए मनोज बाहेती, सह-संस्थापक, कार्लेनियन एसेट्स मैनेजमेंट, मुंबई; सीए हितेश मांडोत, प्रबंध निदेशक, डैम कैपिटल, मुंबई; सीए सचिन जैन, संस्थापक, प्रहस कैपिटल, मुंबई; तकनीकी विश्लेषक एवं सीएनबीसी आवाज के पैनलिस्ट प्रकाश गाबा, मुंबई तथा ‘जैन साहब के जेम्स’ से प्रसिद्ध और जी बिजनेस के पैनलिस्ट संदीप जैन, जयपुर शामिल होंगे। इनके अलावा सीए मिलिंद गांधी, नीरज तोषनीवाल, प्रतीक देसाई सहित अन्य विशेषज्ञ भी विभिन्न सत्रों में अपनी विशेषज्ञता साझा करेंगे।
सम्मेलन के दौरान भारतीय शेयर बाजार की संभावनाओं एवं चुनौतियों, निवेश रणनीतियों, निवेश पोर्टफोलियो के प्रबंधन, परिसंपत्ति आवंटन, जोखिम प्रबंधन, तकनीकी विश्लेषण तथा मिड-कैप और स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञ बाजार की बारीकियों और निवेश संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराएंगे।
– निवेशकों और आमजन के लिए भी खुला रहेगा सम्मेलन
आईसीएआई उदयपुर शाखा के उपाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा ने बताया कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन की विशेषता यह है कि इसमें केवल चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ही नहीं, बल्कि शेयर बाजार में निवेश करने वाले व्यक्ति, आम निवेशक, व्यवसायी, युवा और वित्तीय बाजार को समझने के इच्छुक अन्य लोग भी भाग ले सकेंगे। सम्मेलन के माध्यम से प्रतिभागियों को निवेश संबंधी निर्णय लेने, बाजार के जोखिमों को पहचानने, वित्तीय अनुशासन अपनाने और दीर्घकालीन संपत्ति निर्माण की रणनीतियों को समझने का अवसर मिलेगा।
– उदयपुर को वित्तीय संवाद के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की पहल
आईसीएआई उदयपुर शाखा के अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने बताया कि उदयपुर में इस स्तर के राष्ट्रीय कैपिटल मार्केट सम्मेलन का आयोजन शहर के लिए गौरव का विषय है। इस पहल के माध्यम से उदयपुर को वित्तीय ज्ञान, निवेश जागरूकता और व्यावसायिक संवाद के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘चाणक्य – निवेश की नीति’ की अवधारणा भारतीय ज्ञान परंपरा से प्रेरणा लेते हुए आधुनिक वित्तीय बाजार में विवेकपूर्ण निवेश, दूरदर्शिता और अनुशासन के महत्व को रेखांकित करती है। वर्तमान समय में निवेश संबंधी सही जानकारी और बाजार के जोखिमों की समझ बेहद आवश्यक है। ऐसे में यह सम्मेलन वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आईसीएआई उदयपुर शाखा के उपाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा ने बताया कि सम्मेलन के विस्तृत कार्यक्रम एवं पंजीकरण संबंधी जानकारी आईसीएआई उदयपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, निवेशकों, व्यवसायियों, युवाओं और वित्तीय बाजार में रुचि रखने वाले सभी लोगों से सम्मेलन में भाग लेकर इसका लाभ उठाने का आह्वान किया। शाखा के कार्यकारिणी सदस्य सीए अरुणा गेल्डा, सीए कपिल जोशी, सीए राहुल माहेश्वरी, सीए धर्मेंद्र कोठारी कांफ्रेंस के तैयारियों में लगे हुए है।
झीलों की नगरी में कैपिटल मार्केट पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आज से, देशभर के विशेषज्ञ देंगे निवेश के गुर
