61.61 प्रतिशत रेटिंग और तीसरी रैंक के साथ प्रयागराज में आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ में दिखाएंगे जौहर
उदयपुर।दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), उदयपुर के कक्षा 11वीं के होनहार एवं प्रतिभाशाली जिम्नास्ट करमराज जलानिया ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह पक्की कर विद्यालय सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है। राजस्थान स्टेट जिम्नास्टिक संगठन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चयन प्रक्रिया में शानदार प्रदर्शन करते हुए करमराज का चयन आगामी राष्ट्रीय स्तर की जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इस चयन प्रक्रिया में पूरे राजस्थान से मात्र 7 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसमें उदयपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले करमराज एकमात्र खिलाड़ी हैं। डीपीएस के प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय और पूरे संभाग के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि करमराज ने चयन स्पर्धा में 61.61 रेटिंग के साथ तीसरी रैंक (रैंक 3) अर्जित कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का टिकट हासिल किया है। करमराज आगामी 6 नवंबर 2026 को प्रयागराज में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगे।
छात्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डीपीएस के प्राचार्य संजय नरवरिया एवं उप प्राचार्य राजेश धाभाई ने करमराज और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने करमराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय मंच पर स्वर्णिम सफलता प्राप्त करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
झील की नगरी का मानःडीपीएस उदयपुर के जिम्नास्ट करमराज का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
