– 365 दिनों में 815 सेवा प्रकल्प पूर्ण कर महावीर इंटरनेशनल उदयपुर ने रचा सेवा का नया इतिहास
उदयपुर, 21 अक्टूबर। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र एवं जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में दिगंबर जैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में विशाल नि:शुल्क हीमोग्लोबिन, नेत्र एवं दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यालय के 740 बालक-बालिकाओं की स्वास्थ्य जाँच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र के अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि केंद्र द्वारा पिछले 365 दिनों में 815 सेवा प्रकल्प पूर्ण कर सेवा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा गया है। इसी सेवा भावना के अंतर्गत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जाँच एवं उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया। हीमोग्लोबिन जाँच के दौरान कई बालिकाओं का हीमोग्लोबिन स्तर निर्धारित मानकों से कम पाया गया। इस पर अध्यक्ष रविंद्र सुराणा, जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल के मार्केटिंग हेड ललित लोहार एवं नरेंद्र खाब्या ने बालिकाओं को हीमोग्लोबिन के महत्व और उसे सामान्य बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हीमोग्लोबिन रक्त में पाया जाने वाला महत्वपूर्ण प्रोटीन है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन लेकर शरीर के विभिन्न अंगों, मांसपेशियों एवं मस्तिष्क तक पहुँचाता है। इसकी कमी से थकान, कमजोरी, चक्कर आना तथा एकाग्रता में कमी जैसी समस्याएँ हो सकती हैं। उन्होंने पौष्टिक आहार, हरी पत्तेदार सब्जियाँ, दालें, चना तथा विटामिन-ष्ट युक्त फलों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी।
– नेत्र एवं दंत स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
शिविर में नेत्र एवं दंत परीक्षण के साथ विद्यार्थियों को आँखों की देखभाल, दाँतों की नियमित सफाई, संतुलित खानपान तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच कराने के महत्व के बारे में बताया गया। आवश्यकतानुसार आगे के उपचार के लिए विद्यार्थियों को जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल में परामर्श लेने की सलाह दी गई। इस अवसर पर हीमोग्लोबिन स्तर के आधार पर निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाली तीन बालिकाओं को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अन्य विद्यार्थियों को भी संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में महावीर इंटरनेशनल उदयपुर की ओर से अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा, सचिव सुरेश बड़ीवाल, नरेंद्र खाब्या एवं स्वराज जैन उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती कला करणपुरिया, अध्यापिका श्रीमती मीनाक्षी सोनी एवं ज्योति कुमावत का विशेष सहयोग रहा। जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल की ओर से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आफताब अहमद खान, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिया गहलोत तथा सचिन जी, प्रवीण जी, चित्तौड़ा एवं विपिन लोहार ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र का यह प्रयास विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समय रहते स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान करने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर ने 740 बालक-बालिकाओं का किया नि:शुल्क हीमोग्लोबिन, नेत्र एवं दंत परीक्षण
