मातृशक्ति को समर्पित गरबा महोत्सव में झलका नारी का रौद्र एवं सौम्य स्वरूप; कलश गरबा में महिलाओं व युवतियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
उदयपुर (राजस्थान):
उदयपुर स्थित सिल्वर रेजीडेंसी अपार्टमेंट में महाअष्टमी के पावन अवसर पर एक भव्य एवं पारंपरिक गरबा कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह और अपार श्रद्धा के साथ किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम मातृशक्ति की आराधना और भगवती की भक्ति को समर्पित रहा, जिसमें परिसर के निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
तलवार और दिव्य अग्नि के साथ मशाल रास की प्रस्तुति
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नारी की आद्याशक्ति और रौद्र स्वरूप को दर्शाती विशेष प्रस्तुतियां रहीं। इसमें निशा कुंवर, सोनाली बाईसा, सविता कुंवर, हीना कुंवर और ईशा ने तलवार रास एवं मशाल रास का साहसिक व अद्भुत प्रदर्शन किया। मां भवानी की शक्ति को जागृत करने वाली इस प्रस्तुति में प्रज्वलित मशालों और लहराती तलवारों के साथ वीरांगनाओं ने मां जगदम्बा की उपासना की, जिसे देखकर दर्शक अभिभूत हो उठे।
पारंपरिक कलश गरबा में दिखी सौम्यता
रौद्र रूप के पश्चात गुजरात के पारंपरिक कलश गरबा नृत्य के माध्यम से नारी के सौम्य एवं दिव्य स्वरूप के दर्शन हुए। इस भक्तिमय नृत्य में दिव्या जी, मोनिका जी, किरण कंवर, ममता जी, भव्यांशी, कशिश और मोनिका मेवारा सहित कई महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर पूरे उत्साह के साथ ताल से ताल मिलाई। इस गरिमामय आयोजन ने सभी श्रद्धालुओं को देवी भक्ति के अलौकिक रंग में सराबोर कर दिया।
