पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से बांधा समां, 30 प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार
उदयपुर। रानी रोड स्थित रोटरी बजाज भवन में रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव-2026 का शुभारंभ उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ हुआ। महोत्सव के पहले दिन 700 से अधिक महिला-पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर गरबा-डांडिया किया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से आयोजन को यादगार बना दिया। गुजराती, हिंदी और फिल्मी गीतों की मधुर धुनों पर थिरकते प्रतिभागियों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन श्रीचन्द खतुरिया ने बताया कि महोत्सव में महिला-पुरुष पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। संगीत की लय पर कदमताल करते प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। आयोजन के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया।
कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन डी.पी. धाकड़ ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के तीसरे व अंतिम दिन प्रतिदिन शाम 6 से रात 10 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न श्रेणियों में कुल 200 आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। महोत्सव के मुख्य प्रायोजक पेसिफिक यूनिवर्सिटी एवं पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल हैं।
क्लब सचिव रोटेरियन दुष्यन्त सोमानी ने बताया कि आयोजन में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। आगंतुकों के लिए चाय, नाश्ते और पेयजल की निःशुल्क व्यवस्था भी की गई है। आयोजकों ने शहरवासियों से सपरिवार महोत्सव में शामिल होकर गरबा-डांडिया और नवरात्रि के पारंपरिक उत्सव का आनंद लेने की अपील की है।
रोटरी बजाज भवन में गरबा-डांडिया की धूम, पहले दिन 700 से अधिक लोगों ने जमाया रंग
