हिरण मगरी में 16 अक्टूबर से गूंजेगा मां दुर्गा का जयकारा, बंगाली काली बाड़ी सोसाइटी मनाएगी 35वां दुर्गा पूजा महोत्सव

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

18 अक्टूबर को 108 कमल पुष्पों से होगी विशेष संधि पूजा, 21 अक्टूबर को सिंदूर खेला के बाद निकलेगी विसर्जन यात्रा
उदयपुर। हिरण मगरी सेक्टर-4 स्थित ब्राह्मण समाज समिति परिसर में बंगाली काली बाड़ी सोसाइटी के तत्वावधान में इस वर्ष श्रीश्री दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। परंपरा और आस्था के साथ आयोजित होने वाला यह महोत्सव इस वर्ष अपने 35वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। 16 से 21 अक्टूबर तक चलने वाले महोत्सव में मां दुर्गा की आराधना के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पुष्पांजलि, भोग, हवन और संध्या आरती सहित कई कार्यक्रम होंगे।
सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. दीपांकर चक्रवर्ती ने बताया कि 16 अक्टूबर को षष्ठी के अवसर पर पूजा का शुभारंभ होगा। इस दिन बोधन, आमंत्रण और अधिवास सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। 17 अक्टूबर को सप्तमी पर नवपत्रिका प्रवेश, सप्तमी पूजा, बलिदान, पुष्पांजलि, भोग एवं संध्या आरती होगी।
18 अक्टूबर को महाअष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना के बाद संधि पूजा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मां दुर्गा को श्रद्धापूर्वक 108 कमल के पुष्प अर्पित किए जाएंगे। 19 एवं 20 अक्टूबर को महानवमी के अवसर पर तिथियों के अनुसार पूजा, पुष्पांजलि, भोग, हवन और संध्या आरती सहित धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
सिंदूर खेला के साथ होगा महोत्सव का समापन-21 अक्टूबर को विजयादशमी पर विधिवत पूजा, दर्पण पूजा एवं अपराजिता पूजा होगी। इसके बाद महिलाएं पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाज के अनुसार सिंदूर खेला की रस्म निभाएंगी। अंत में मां दुर्गा की प्रतिमा को भव्य जुलूस के रूप में ले जाकर विसर्जित किया जाएगा। 35वें वर्ष में प्रवेश कर रहा यह महोत्सव धार्मिक आस्था, बंगाली संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम बनेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!