सेक्टर 14 को मिलेगी बड़ी चिकित्सा सुविधा? सेटेलाइट अस्पताल के लिए क्षेत्रवासियों ने उठाई बुलंद आवाज

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को क्रमोन्नत करने की मांग, जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर राज्य सरकार तक पहुंचाएंगे प्रस्ताव
उदयपुर। सेक्टर 14 के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सेटेलाइट अस्पताल में क्रमोन्नत करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इसी को लेकर क्षेत्रवासियों एवं प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक महावीर भवन में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की बढ़ती आबादी और चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए सेटेलाइट अस्पताल की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सेटेलाइट अस्पताल में क्रमोन्नत कराने के लिए एक विशेष समिति गठित कर राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मांग रखी जाएगी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में उन्हें एमबी अस्पताल जाना पड़ता है, जो सेक्टर 14 से काफी दूर है। ऐसे में समय पर उपचार मिलने में परेशानी होती है।
सामाजिक कार्यकर्ता भूरीलाल जैन ने कहा कि क्षेत्र की जनसंख्या को देखते हुए यहां उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना आवश्यक है। स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैठक में नवनिर्वाचित पार्षद जितेंद्र सिंह शक्तावत का स्वागत-अभिनंदन भी किया गया। उन्होंने कहा कि सेटेलाइट अस्पताल की मांग को पूरा कराने के लिए सभी मिलकर मजबूत इच्छाशक्ति के साथ प्रयास करेंगे।
बैठक में भंवरलाल जैन, महेंद्र कुमार हपावत, हरीश चौबीसा, प्रफुल्ल चौबीसा, जमनालाल जैन, कमल भटनागर, गेहरीलाल देवड़ा, मोहनलाल मालवी, जितेंद्र जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आगामी बैठक में उच्च अधिकार प्राप्त समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों को शामिल कर मांग को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!