उदयपुर। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाने के लिए सुरों की मंडली संगीत परिवार की ओर से 10 अक्टूबर को विशेष संगीतमय आयोजन किया जाएगा। “सुंदर पल अमिताभ के संग” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम शनिवार को सुबह 11 बजे अशोका पैलेस, उदयपुर में आयोजित होगा।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि अमिताभ बच्चन का भारतीय सिनेमा में योगदान बेहद खास रहा है। उनकी फिल्मों के संवाद, अभिनय और गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। उनके जन्मदिन पर लोकप्रिय गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कोर कमेटी की विशेष टीम तैयार की गई है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन में अमिताभ बच्चन के फिल्मी सफर से जुड़े लोकप्रिय और सदाबहार गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। सुरों की मंडली के कलाकार उनके विभिन्न दौर की फिल्मों के यादगार गीतों को अपनी आवाज में मंच पर जीवंत करेंगे।
कोर कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी सी.पी. जैन एवं मोहन सोनी ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं और प्रस्तुतियों को लेकर टीम लगातार कार्य कर रही है। इस आयोजन में योगेश उपाध्याय, कैलाश केवल्या, दिया सारस्वत, विकास स्वर्णकार, नीलम पटवा सहित संस्था की पूरी कोर कमेटी अपनी भूमिका निभाएगी।
आयोजन टीम ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल जन्मदिन समारोह नहीं, बल्कि अमिताभ बच्चन के शानदार फिल्मी सफर और उनके सदाबहार गीतों को याद करने का एक संगीतमय अवसर होगा। सुरों की मंडली संगीत परिवार के सदस्य अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए उत्साहित हैं।
