भीण्डर और वल्लभनगर में महिला मतदाताओं ने दिखाया अधिक उत्साह

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

नगरीय निकाय चुनाव – 2026
उदयपुर, 10 सितम्बर। नगरीय निकाय चुनाव- 2026 के तहत बुधवार को संपन्न हुए प्रथम चरण के मतदान में भीण्डर और वल्लभनगर में महिलाओं ने पुरूषों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। दोनों नगरपालिकाओं में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरूषों की तुलना में अधिक रहा। हालांकि तीनों निकायों के औसत में महिलाएं मामूली अंतर से पीछे रही।

प्रथम चरण के तहत बुधवार को नगरपालिका भीण्डर, फतहनगर-सनवाड़ और वल्लभनगर के कुल 70 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहजनक माहौल में संपन्न हुआ। तीनों निकायों में कुल 39954 मतदाता पंजीकृत थे, उनमें से 34089 ने मताधिकार का प्रयोग किया, जो 85.32 प्रतिशत रहा। इसमें पुरुषों का वोटिंग प्रतिशत 85.46 प्रतिशत और महिलाओं का 85.18 प्रतिशत रहा। वल्लभनगर नगर पालिका में 83.08 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। कुल 8,314 मतदाताओं में से 6,907 मतदाताओं ने मतदान किया इसमें पुरुष का प्रतिशत 82.92 तथा महिला का 83.24 प्रतिशत रहा। भींडर नगर पालिका में 82.09 फीसदी मतदान हुआ। कुल 13,916 मतदाताओं में से 11,424 ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। यहाँ महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ते हुए83.45 प्रतिशत मतदान किया, जबकि पुरुषों का प्रतिशत 80.80 प्रतिशत रहा। फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में सबसे अधिक 88.91 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 17,724 मतदाताओं में से 15,758 लोगों ने वोट डाले, जिसमें पुरुषों का मतदान 90.39 प्रतिशत और महिलाओं का 87.41 प्रतिशत रहा।

40 बूथों पर 85 प्रतिशत से अधिक मतदान
प्रथम चरण के 70 बूथों में से 40 बूथ ऐसे रहे जहां 85 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। इसमें फतहनगर-सनवाड़ के 21, वल्लभनगर के 11 और भीण्डर के 8 बूथ शामिल रहे। 50 से 85 प्रतिशत मतदान वाले बूथ कुल 30 रहे। इसमें भींडर के 17, फतहनगर-सनवाड़ के 4 एवं वल्लभनगर के 9 बूथ शामिल रहे।

हर आयु वर्ग ने दिखाया उत्साह
मतदान में हर आयु वर्ग के मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। तीनों नगरपालिकाओं में 18 से 25 वर्ष के कुल 5,800 पंजीकृत युवाओं (3171 पुरुष, 2629 महिला) में से 4,722 युवाओं (2585 पुरुष, 2137 महिला) ने पहली बार या शुरुआती दौर का वोट देकर मजबूत भागीदारी निभाई। इसी प्रकार 26 से 35 वर्ष आुय वर्ग में कुल 9,572 मतदाताओं में से 8,205 मतदाताओं (4309 पुरुष, 3896 महिला) ने वोट डाला। 36 से 59 वर्ष आयु वर्ग में कुल 16,542 मतदाताओं में से 14,299 लोगों (7240 पुरुष, 7059 महिला) ने मताधिकार का प्रयोग किया। 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के इस पड़ाव में भी कुल 8,038 बुजुर्ग मतदाताओं में से 6,862 वृद्धों (3145 पुरुष, 3717 महिला) ने बूथ पर आकर लोकतंत्र को मजबूत किया।

दिव्यांग भी नहीं रहे पीछे
शारीरिक अक्षमताओं के बावजूद दिव्यांग मतदाताओं का हौसला देखने लायक था। कुल 221 दिव्यांगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसमें 82 दृष्टिबाधित लोगों ने वोट दिया, जिनमें से 44 ने सहायक की मदद ली और 38 ने बिना किसी मदद के स्वतंत्र रूप से वोट डाला। 139 लोकोमोटर दिव्यांगों ने मतदान किया, जिनमें से 61 सहायकों के साथ और 78 बिना किसी सहायता के बूथ तक पहुंचे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!