उदयपुर, 7 सितंबर। पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने जिले की विभिन्न पंचायत समितियों के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जिले की 20 पंचायत समितियों के लिए अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 58(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है। आदेश के अनुसार गिर्वा पंचायत समिति के लिए उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट गिर्वा को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार गिर्वा को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। कुराबड़ के लिए उपनिदेशक, एससीएम रीपा, उदयपुर तथा तहसीलदार कुराबड़, नाई के लिए उपायुक्त, उदयपुर विकास प्राधिकरण तथा तहसीलदार बड़गांव, बड़गांव के लिए उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट बड़गांव तथा तहसीलदार बड़गांव को जिम्मेदारी दी गई है।
इसी प्रकार गोगुंदा, सायरा, झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, खेरवाड़ा, नयागांव, ऋषभदेव, कल्याणपुर, वल्लभनगर, भींडर, मावली, घासा, कोटड़ा, देवला एवं सुलाव पंचायत समितियों के लिए भी संबंधित उपखंड अधिकारियों, विकास प्राधिकरण के अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों तथा तहसीलदारों को रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आदेश में सुलाव पंचायत समिति के लिए उपायुक्त, नगर निगम उदयपुर को रिटर्निंग अधिकारी तथा नायब तहसीलदार कोटड़ा को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं देवला पंचायत समिति के लिए भूमि अवाप्ति अधिकारी, उदयपुर विकास प्राधिकरण को रिटर्निंग अधिकारी तथा उप तहसीलदार मेरपुर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने नियुक्त अधिकारियों को पंचायत आम चुनाव-2026 से संबंधित निर्वाचन कार्य निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध रूप से संपादित करने के निर्देश दिए हैं।
