नंद के आनंद भयो’, मटकी फोड़ ने बांधा समां

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

राधा-कृष्ण की झांकियों, भजनों और बाल लीलाओं से भक्तिमय हुआ वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी

उदयपुर, 4 सितंबर। नारायण सेवा संस्थान के माली कॉलोनी स्थित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। राधा-कृष्ण की झांकियां, बाल लीलाओं की प्रस्तुतियां, भजन और मटकी फोड़ ने पूरे परिसर को गोकुल-वृंदावन की छटा से भर दिया।

संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि आयोजन में संस्थापक कैलाश ‘मानव’, सह-संस्थापिका कमला देवी, निदेशक वंदना अग्रवाल, पलक अग्रवाल, महर्षि अग्रवाल सहित ट्रस्टीगण, साधक-साधिकाएं, सेवाभावी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

संध्या बेला में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं। श्रीनाथजी, नरसिंह अवतार, राधा-कृष्ण और कालिया नाग मर्दन की झांकियां विशेष आकर्षण रहीं। कालिया नाग मर्दन में इलेक्ट्रॉनिक प्रभावों से जल की लहरों और वर्षा का दृश्य जीवंत किया गया।

नारायण चिल्ड्रन एकेडमी के बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धरकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पालने में विराजमान लड्डू गोपाल की झांकी पर श्रद्धालुओं ने बाल गोपाल को झूला झुलाकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।

संस्थान की संगीत टीम ने राधा-कृष्ण, बरसाना और वृंदावन से जुड़े भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और परिसर कृष्णभक्ति में डूब गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मटकी फोड़ रहा। बच्चों ने करीब तीन बार पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी। मटकी फूटते ही जयकारों से परिसर गूंज उठा और माखन का प्रसाद वितरित किया गया। कुछ पल के लिए माली कॉलोनी में गोकुल जैसा दृश्य साकार हो उठा। कार्यक्रम का संचालन महिम जैन ने किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!