नगरीय निकाय चुनाव – 2026
उदयपुर, 2 सितम्बर। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव- 2026 के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान एवं मतगणना दिवस को लेकर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सुखा दिवस घोषित किए गए हैं।
आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव वरूण मिश्रा की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश में पहले चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 को होगा। इसके लिए मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व यानी 7 सितंबर 2026 शाम 6 बजे से लेकर 9 सितंबर 2026 शाम 6 बजे तक सुखा दिवस रहेगा। इसी प्रकार दूसरे चरण का मतदान 11 सितम्बर को होगा। इसके तहत 9 सितंबर 2026 शाम 6 बजे से लेकर 11 सितंबर 2026 शाम 6 बजे तक शराब की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसी क्रम में मतगणना दिवस 14 सितंबर को भी राज्य के संबंधित क्षेत्रों में पूर्ण सुखा दिवस रहेगा।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
उदयपुर, 02 सितम्बर। जिले में 3, 4 एवं 5 सितम्बर को जन्माष्टमी एवं दधिका महोत्सव (मटकी फोड) के उपलक्ष्य में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला मजिस्ट्रेट श्री गौरव अग्रवाल ने एक आदेश जारी कर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने हेतु तहसीलदार बड़गांव हितेश त्रिवेदी को 3 सितंबर को सुभाष चौक, मल्लातलाई, तहसीलदार उदयपुर विकास प्राधिकरण विजय कुमार रैगर को 4 सितंबर को जैन मंदिर चौराहा, सेक्टर-4, हिरणमगरी और तहसीलदार गिर्वा गणेश कुमार विजयवर्गीय को 5 सितंबर को जगदीश चौक पर कृष्ण दधिकोत्सव कार्यक्रम हेतु कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। इसके अलावा गिर्वा, बड़गांव, गोगुंदा, झाड़ोल, कोटड़ा, खेरवाड़ा, ऋषभदेव, मावली, वल्लभनगर एवं भींडर उपखण्ड मजिस्ट्रेट भी अपने-अपने उपखण्ड क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
मतदाता जागरूकता की दिलाई शपथ
उदयपुर, 2 सितम्बर। नगरीय निकाय चुनाव – 2026 के तहत अधिक से अधिक मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम मेंस्वीप सेल की ओर से मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में ट्यूरिज्म एण्ड होटल मैनेजमेंट प्रोग्राम प्रकोष्ठ में मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं स्वीप समन्वयक डॉ. देवीलाल गर्ग ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के लोकतांत्रिक भविष्य की नींव है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी वोट डालने के लिए प्रेरित करें।मनीष कोठारी और डॉ. अक्षय राज ने भी मतदाता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को यह संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया कि वे अपने माता-पिता, बड़े भाई-बहनों और निकटवर्ती मतदाताओं को निडर होकर मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मताधिकार का उपयोग करने, परिवार और मित्रों को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
