मतदान से मतगणना तक व्यवस्थाएं तय, 14 सितंबर को होगी मतगणना

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी 8 को
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किए विस्तृत  निर्देश
उदयपुर, 1 सितम्बर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) गौरव अग्रवाल ने आदेश जारी कर मतदान दलों के प्रशिक्षण, मतदान दलों की रवानगी, मतदान के बाद दलों के आगमन, ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री के संग्रहण तथा मतगणना सहित विभिन्न व्यवस्थाएं निर्धारित की हैं। उल्लेखनीय है कि उदयपुर जिले में नगर निगम उदयपुर तथा नगरपालिकाओं भींडर, कानोड़, वल्लभनगर, मावली एवं फतहनगर-सनवाड़ में चुनाव होना है।

8 सितंबर से शुरू होगा अंतिम प्रशिक्षण
उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि नगरपालिका भींडर, वल्लभनगर और फतहनगर-सनवाड़ के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण 8 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से सुखाड़िया रंगमंच, नगर निगम उदयपुर में होगा। वहीं कानोड़ और मावली के मतदान दलों का प्रशिक्षण 10 सितंबर को सुबह 8 बजे से दीनदयाल सभागार, नगर निगम उदयपुर में होगा। नगर निगम उदयपुर के मतदान दलों के लिए प्रशिक्षण दो चरणों में निर्धारित किया गया है। मतदान दल संख्या 1 से 205 तथा 451 से 490 का प्रशिक्षण 10 सितंबर को सुबह 8 बजे से सुखाड़िया रंगमंच में, जबकिदल संख्या 206 से 410 तथा 411 से 450 का प्रशिक्षण इसी दिन सुबह 10 बजे से होगा।

रवानगी और मतदान सामग्री वितरण की भी पुख्ता व्यवस्था
आदेश के अनुसार संबंधित नगरपालिकाओं के मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण के बाद निर्धारित व्यवस्था के तहत संबंधित नगरपालिका मुख्यालय के लिए रवाना किया जाएगा। नगर निगम उदयपुर के मतदान दलों के लिए राजस्थान कृषि महाविद्यालय, उदयपुर में ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री प्राप्त करने और जमा कराने की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार नगरपालिका भीण्डर में भैरव राउमावि भीण्डर, वल्लभनगर में पंचायत समिति कार्यालय वल्लभनगर, फतहनगर-सनवाड़ में राउमावि सनवाड़, कानोड में पं. उदय जैन महाविद्यालय कानोड़ तथा नगरपालिका मावली के लिए राजस्थान कृषि महाविद्यालय उदयपुर में सामग्री वितरण व्यवस्था की गई है।

14 सितंबर को सुबह 9 बजे से होगी मतगणना
नगर निगम उदयपुर एवं संबंधित नगरपालिकाओं के चुनाव की मतगणना 14 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से संबंधित नगर पालिका मुख्यालय/नगर निगम मुख्यालय पर शुरू होगी। नगर निगम उदयपुर की मतगणना के लिए राजस्थान कृषि महाविद्यालय, उदयपुर को मतगणना स्थल बनाया गया है। यहां अलग-अलग वार्ड समूहों के लिए अलग मतगणना कक्ष तथा ईवीएम स्ट्रांग रूम निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत वार्ड 1 से 16 तक की गणना कक्ष संख्या 1 में, वार्ड 17 से 32 तक की कक्ष संख्या 4 में, वार्ड 33 से 48 तक कक्ष संख्या 7 में, वार्ड 49 से 64 तक कक्ष संख्या 8 में तथा वार्ड 65 से 80 तक मतगणना कक्ष संख्या 11 में होगी।

सांख्यिकी और परिणाम संबंधी सूचनाओं के लिए भी व्यवस्था
मतगणना स्थल पर सांख्यिकी संबंधी सूचनाएं तैयार करने, अंतिम परिणाम निर्धारित प्रपत्रों में तैयार करने तथा वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए संबंधित प्रकोष्ठों को आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना के दौरान ईवीएम के डीएमएम कार्ड सहित निर्वाचन सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

चिकित्सा, भोजन और परिवहन पर भी विशेष जोर
निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों के लिए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, मतदान दलों की रवानगी एवं आगमन के समय संबंधित स्थानों पर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मतदान एवं मतगणना से जुड़े कार्मिकों को नियमानुसार अल्पाहार/भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मतदान कार्मिकों के ठहराव तथा मतदान के बाद तहसील मुख्यालयों तक पहुंचने के लिए आवश्यकतानुसार वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

समन्वय से व्यवस्था संभालने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, विद्युत निगम, राजस्थान कृषि महाविद्यालय प्रशासन, नगर निकायों के अधिकारियों सहित संबंधित सभी विभागों को चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रमुख तिथियां – एक नजर में
8 सितंबर  – भींडर, वल्लभनगर व फतहनगर-सनवाड़ के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण
9 सितंबर – भीण्डर, वल्लभनगर व फतहनगर में मतदान
10 सितंबर – कानोड़ व मावली तथा नगर निगम उदयपुर के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण
11 सितंबर – कानोड़, मावली व नगर निगम उदयपुर में मतदान
12 सितंबर – मतगणना स्टाफ का प्रशिक्षण
14 सितंबर – सुबह 9 बजे से मतगणना

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!