बाईक की टक्कर से मां—बेटा घायल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में बुझ का नाका के समीप बाईक की टक्कर से राहगीर मां—बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार गणेश गायरी पुत्र लखजी गायरी निवासी बासडा ने बस चालक के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बुझ का नाका के समीप बस की टक्कर से उसकी बहन व भाणेज गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

घर से लापता हुई विवाहिता
उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में एक विवाहिता के अपने ही घर से लापता हो जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मांगु गमेती पुत्र नोजाराम गमेती निवासी खोखरियों का भीलवाडा भुताला ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी बिना बताए घर से चले गई। उसके बारे में आस पडौस, गांव, रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश करने के बाद भी कहीं पता नहीं चला। पुलिस लापता हुई विवाहिता को तलाश रही है।

अपहरण कर साथियों के साथ मिलकर की मारपीट
उदयपुर। जिले के ऋषभदेव क्षेत्र में युवक को रास्ते रोक कर मोटरसाइकिल पर अपहरण करने के बाद बदमाशों द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सुरेश पुत्र शांतिलाल मीणा निवासी अंजलाईया भरदा ऋषभदेव ने सुनील पुत्र कालू मीणा, प्रदीप मीणा निवासी चौराया, संदीप पुत्र विनोद मीणा निवासी उगमणा कोटडा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया कि उसका रास्ता रोक कर हंटर व गुप्ती से वार किए और विकास मीणा उसकी मोटरसाइकिल पर जबरन बीच में बैठाकर वहां से भारत पेट्रोल पंप के पीछे लेकर गए जहां चारों लडकों ने फोन से कई लडकों को बुलाया और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

दो पक्षों में मारपीट, क्रॉस केस दर्ज
उदयपुर। जिले के कुराबड क्षेत्र के गांव परमदा में आपसी विवाद के चलते दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस संबंध में दोनों पक्षों ने कुराबड थाने में एक दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार छोटी राव पत्नी गोविंद राव निवासी परमदा ने घीसूलाल पुत्र दौलतराम राव, उसकी पत्नी कैलाशी बाई व पुत्र कमलेश निवासी परमदा के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में 29 अगस्त को लाठी पत्थर लेकर उन्हे रासते रोककर बेरहमी से दोनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं भानुराव पुत्र घीसूलाल राव निवासी परमदा ने गोविंद पुत्र सोहन, पीयूष पुत्र रोडीलाल, मुकेश चोटयिा पुत्र गोविंद, काली पत्नी रोडी लाल निवासी परमदा के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में मारपीट करने व घर पर पथराव करने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।

घर से चारा लेने निकली युवती लापता
उदयपुर। जिले के मावली क्षेत्र में घर से खेत पर चारा लेने निकले युवती के लापता हो जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मोतीलाल पुत्र लालू जाट निवासी राहमी मावली ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री 29 अगस्त को सुबह करीब 9.30 बजे घर से चारा लेने के लिए खेत पर बने कुए पर गई थी जो वापस घर नहीं लौटी। काफी तलाश करने पर भी उसका कहीं पता नहीं चला। उसे मोबाइल पर कॉल किया लेकिन वह भी नहीं उठा रही है। पुलिस लापता हुई युवती को तलाश रही है।

सूने मकान का ताला तोड लाखों के जेवरात चोरी
उदयपुर। शहर के शोभागपुरा स्थित रूप सागर रोड पर एक सूने मकान का बदमाशों ने ताला तोडकर अंदर से लाखों के जेवरात चुराने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार यश व्यास पुत्र चंद्रशेखर व्यास निवासी संस्कार बीजासन नगर रूपसागर रोड शोभागपुरा ने दी रिपोर्ट में बताया कि 30 अगस्त की रात में अज्ञात बदमाशों ने उसके सूने घर के दरवाजे का ताला तोडकर अंदर प्रवेश कर लाखों रुपए कीमत के जेवरात चुराकर ले गए। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।

घर के बाहर खरपतवार साफ करते युवक की मौत
उदयपुर। जिले के डबोक क्षेत्र में खेत पर काम करते समय अचानक तबियत खराब होने पर युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हीरालाल रेबारी पुत्र बद्रीलाल रेबारी निवासी गाडवा डबोक ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई लक्ष्मण रेबारी 42 घर के बाहर खरपतवार साफ करते समय अचानक तबियत बिगडने से नीचे गिर गया और उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

अवसाद में फांसी लगा अधेड ने की आत्महत्या
उदयपुर। जिले के घासा क्षेत्र में मानसिक अवसाद में एक अधेड ने अपने ही घर में पंखे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार गमेरसिंह पुत्र मानसिंह राजपूत निवासी झालों का ढाणा घासा ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा शोभागसिंह 45 अहमदाबाद से तीन दिन पहले घर आया था जो मानसिक अवसाद में होकर काफी शराब पी रहा था। उसने रविवार शाम को 5 से 6 बजे के बीच घर के अंदर पंखे से रस्सी का फंदा गले में लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी वीकली स्पेशल ट्रेन के बढाए 7 फेरे
उदयपुर। रेलवे द्वारा आगामी त्यौहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में 7 ट्रिप का विस्तार किया जा रहा है। मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक अशोक चौहान के अनुसार उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 09609/09610 की संचालन अवधि में उदयपुर सिटी से 14 अक्टूबर से 24 नवम्बर तक 7 फेरे तथा योगनगरी ऋषिकेश से 15 अक्टूबर से 25 नवम्बर तक 7 फेरों का विस्तार किया जा रहा है।

एक वर्ष से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार
उदयपुर। जिले की फलासिया थाना पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से  न्यायालय एसीजेएम झाडोल के एक वर्ष से फरार चल रहे स्थाई वारंटी कालुलाल पुत्र धन्नाजी पटेल निवासी दमाणा पीपलबारा फलासिया को दमाणा के जंगलों में दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।

वाहन चोर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद
उदयपुर। शहर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चुराई हुई मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार दीपक कुमार यादव ने प्रतापनगर थाने पर एक रिपोर्ट दी कि उसकी मोटर साइकिल गोकुलनगर स्थित मकान के बाहर खडी की थी। अगले दिन सुबह देखा तो कोई अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल चुरा कर ले गया है। इस मामले में पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एंव मुखबिर तंत्र की सहायता से अनुसंधान करते हुए मामले में प्रकाश उर्फ पिंटू उर्फ आतंक पुत्र जीवनलाल मीणा निवासी डांग फला उमरडा को डिटेन कर पूछताछ की गई तो अभियुक्त द्वारा वारदात करना स्वीकार किया गया। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल को बरामद किया। अभियुक्त पुलिस थाना हिरण मगरी का आदतन अपराधी होकर पूर्व मे उसके विरूद्ध कुल 17 प्रकरण दर्ज है तथा थाना सूरजपोल एवं थाना सुखेर मे दर्ज चोरी एंव नकबजनी के प्रकरणों मे वांछित है। गिरफ्तार अभियुक्त से अग्रिम अनुसंधान जारी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!