महिलाओं को सशक्त बनाने आयोजित होगा स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो-1.0, महिला उद्यमियों को मिलेगा मंच

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

-25 से 27 सितंबर तक शुभ केसर गार्डन में होगा एक्सपो, सभी स्टॉल महिलाओं के लिए
-लघु उद्योग भारती, उदयपुर की अहिल्याबाई होल्कर इकाई की पहल
उदयपुर। महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती, उदयपुर की अहिल्याबाई होल्कर इकाई की ओर से स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो-1.0 का आयोजन किया 25 से 27 सितंबर तक यहां शुभ केसर गार्डन में किया जाएगा। एक्सपो की खास बात यह रहेगी कि इसमें सभी स्टॉल महिलाओं द्वारा ही लगाए जाएगी। इसके लिए लघु उद्योग भारती की विभिन्न इकाइयों की ओर से तैयारियां की जा रही है।
स्वयंसिद्दा चित्तौड प्रांत की प्रभारी डॉ श्रीमती रीना राठौड ने बताया कि प्रदेश में लघु भारती जयपुर, जोधपुर व चित्तौडगढ प्रांत के अंतर्गत 26 इकाईया वर्तमान में हैं, जो महिला उद्यमियों को आगे बढाने के लिए हर साल एक से दो प्रदर्शनी स्वयंसिद्दा के नाम से आयोजित करती है। उदयपुर में यह पांचवां आयोजन है और इस बार यह पिछले से वृह्द स्तर पर आयोजित हो रहा है, इसलिए इसको स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो-1.0 का नाम दिया गया है। श्रीमती राठौड ने बताया कि एक्सपो में 105 स्टॉल का लक्ष्य रखा गया है जिसको बढाया भी जा सकता है। इसमें स्टॉल की दर काफी रियायती रखी गई है, ताकि मध्यम वर्ग की महिला उद्यमी भी इसमें भाग ले सके। कुछ स्टॉल निशुल्क रखी जाएगी जो ऐसी जनजाति बहनों के लिए होगी जो अपने उत्पादों को समाज के सामने रखना चाहती है। एक ही तरह के उत्पाद के स्टॉल की संख्या 10 से ज्यादा नहीं रहेगी, ताकि हर तरह के उत्पादों को इस एक्सपो से जोडा जा सकेगा। श्रीमती राठौड ने बताया कि स्वयंसिद्दा से हजारों महिलाओं को आगे बढने का मौका मिला है और कई सारे उत्पाद ऑनलाइन भी बिकने लगे हैं जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है।
अहिल्याबाई होल्कर इकाई की अध्यक्ष डॉ ऋषिका पानेरी ने बताया कि इस प्रदर्शनी में हस्तशिल्प, हथकरघा एवं पारंपरिक वस्त्र, आधुनिक तकनीक, स्टार्ट अप्स एवं नवोन्मेष, महिला उद्यमियों के उत्पाद, लाइव प्रदर्शन एवं नेटवर्किंग आदि के स्टॉल्स लगाए जाएंगे। उदयपुर के लिए यह प्रदर्शनी एक माइल स्टोन साबित होगी। नारी शक्ति से आत्मनिर्भर भारत की ओर थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों, हस्तशिल्पियों, स्टार्टअप्स और स्वयंसिद्धा महिलाओं के उत्पादों को एक बड़ा मंच प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। श्रीमती पानेरी ने बताया कि स्वयंसिद्दा महिला उद्यमियों को मंच प्रदान करने के लिए लघु भारती की एक सामाजिक और आर्थिक पहल है। वर्तमान में समाज की कई महिलाओं के पास हुनर है, उनके उत्पाद है, लेकिन सीधे ग्राहकों व बाजार तक पहुंच का अभाव है। स्वयंसिद्दा इसी दूरी को पाटने का काम करता है, ताकि महिलाएं सशक्त व आत्मनिर्भर बने। श्रीमती पानेरी ने बताया कि यह एक्सपो महिलाओं के उत्पादों की गुणवत्ता बढाने की दिशा में भी काम करेगा। घर से काम करने वाली, एमएसएमई इकाइयों व नवाचार से जुडी महिलाओं के लिए यह एक्सपो एक प्लेटफॉर्म का काम करेगा।
लघु उद्योग भारती की रानी लक्ष्मी बाई इकाई की अध्यक्ष सीमा पारीक ने बताया कि स्वयंसिद्दा का उद्देश्य यह है कि महिलाएं खुद आर्थिक सक्षम बने तथा परिवार के लिए भी आत्मनिर्भर बनाए। स्वयंसिद्दा एक्सपो में दरों का भी ध्यान रखा जाता है, ताकि छोटी से छोटी महिला उद्यमियों को भी मौका मिले। साथ ही उत्पादों की दरें भी काफी वाजिब होती है जिससे ज्यादा से ज्यादा ग्राहक लाभान्वित हो। स्वयंसिद्दा गैर लाभकारी संस्था है जिसके आयोजन में छह महीने से ज्यादा की अथक मेहनत होती है। लघुभारती उदयपुर इकाई के अध्यक्ष राजेंद्र सुराणा ने संगठन की ओर से महिलाओं व अन्य उद्यमियों को आगे बढाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान लघु उद्योग भारती के मनोज जोशी, सचिव शुभम डांगी, मोनिका कोठारी, लघु भारती गुडली इकाई के अध्यक्ष दीपक हरकावत, गिर्वा इकाई अध्यक्ष ओम दवे व कलडवास इकाई अध्यक्ष बाबूसिंह भी उपस्थित थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!