आजादी के पर्व पर नशे की गुलामी के खिलाफ बड़ा संकल्प, उदयपुर में 10 हजार से अधिक लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निर्देशानुसार आरोग्य सेवा संस्थान जिला नशा मुक्ति केंद्र की ओर से उदयपुर शहर के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं लोगों ने नशे से दूर रहने तथा उदयपुर को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
महावीर विद्या मंदिर, सेक्टर-11 में प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं राजकीय विद्यालय तोलकी पार्टी, ढकान कोटड़ा, मल्लातलाई, देबारी, केवड़ा खुर्द, जोगी तालाब, सवीना, बड़गांव सहित अनेक विद्यालयों में नुक्कड़ नाटकों एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आरोग्य सेवा संस्थान के अध्यक्ष नरपत सिंह ने कहा कि जिस प्रकार 15 अगस्त को देश को गुलामी से आजादी मिली, उसी प्रकार अब समाज को नशे की गुलामी से भी मुक्त कराना होगा। नशा युवा पीढ़ी, परिवार, समाज और देश के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जन-जागरूकता के साथ सभी वर्गों को एकजुट होकर लगातार प्रयास करने होंगे।
अभियान को सफल बनाने में विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संस्थान के प्रोजेक्ट मैनेजर नारायण सिंह, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर विजयपाल सिंह, जोगेंद्र सिंह, सुदर्शन सिंह, रीना धोबी, राकेश सिंह एवं सागर बलोची सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आरोग्य सेवा संस्थान परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना के साथ नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवन अपनाने और नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!