महिलाओं की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय: आकाश बागडी
उदयपुर। श्री एकलिंग नाथ राष्ट्रीय सेवा संगठन ने महिलाओं के अधिकारों, आत्मनिर्भरता और शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी उतारने का निर्णय किया है। संगठन की कोर कमेटी की गुरुवार को हुई बैठक में इस संबंध में विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया गया।
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष आकाश बागड़ी ने बताया कि श्री एकलिंग नाथ राष्ट्रीय सेवा संगठन लंबे समय से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उनकी समस्याओं को उचित मच तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। संगठन की विभिन्न गतिविधियों के दौरान यह सामने आया कि महिलाओं की अनेक समस्याएं एवं मांगें सीधे तौर पर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जुड़ी हुई हैं। कई बार समस्याओं को सामने रखने के बावजूद उनका समयबद्ध समाधान नहीं हो पाता।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सामाजिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि जिन समस्याओं को लेकर आमजन और विशेष रूप से महिलाएं वर्षों से संघर्ष कर रही हैं, उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना भी है। इसी सोच के साथ कोर कमेटी की बैठक में चुनाव के माध्यम से जनप्रतिनिधित्व हासिल करने पर गंभीर विचार किया गया।
80 में से अधिकांश वार्डों में प्रत्याशी उतारने की तैयारी
बागड़ी ने बताया कि आगामी उदयपुर नगर निगम चुनाव में शहर के 80 वार्डों में से अधिकांश वार्डों में संगठन की ओर से निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है। संगठन से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रहे लोगों को प्राथमिकता दी जाएंगी। प्रत्याशियों का चयन उनकी सामाजिक सक्रियता, क्षेत्र की समस्याओं की समझ और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही महिलाओं को भी पंचायत चुनाव में प्रतिनिधित्व का अवसर दिया जाएगा।
शहर की समस्याओं पर तैयार होगा संकल्प पत्र
बागड़ी ने कहा कि उदयपुर शहर की प्रमुख समस्याओं और आमजन की अपेक्षाओं को लेकर संगठन की ओर से एक विस्तृत संकल्प पत्र भी तैयार किया जा रहा है। इसमें शहर की मूलभूत सुविधाओं, महिलाओं से जुड़े मुद्दों, रोजगार, स्वच्छता, सड़क, यातायात, पेयजल, पार्किंग सहित स्थानीय स्तर की अन्य प्रमुख समस्याओं और उनके संभावित समाधान को शामिल किया जाएगा।
निकाय और पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी उतारेगा श्री एकलिंग नाथ राष्ट्रीय सेवा संगठन
