महिला उद्यमियों को मिला नेटवर्किंग, सहयोग और बिजनेस ग्रोथ का मजबूत मंच

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। महिला उद्यमियों को एक-दूसरे से जोड़ने, व्यवसाय को समझने और नए बिजनेस अवसर तलाशने के उद्देश्य से वूमन बिजनेस सर्किल की मासिक नेटवर्किंग मीटिंग आयोजित की गई। इसमें शहर की करीब 40 महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बिजनेस नेटवर्किंग के साथ संगीत और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की विशेष अतिथि दिवा मिसेज इंडिया रहीं। उन्होंने महिला उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन और व्यवसाय में चुनौतियां स्वाभाविक हैं, लेकिन कठिन परिस्थितियों में भी उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहना ही सफलता की राह है। उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं के व्यवसायों को समझते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सर्किल की संस्थापक अनीमा आचार्य ने संगठन के उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए कहा कि डब्ल्यूबीसी महिलाओं को ऐसा मजबूत मंच उपलब्ध कराता है, जहां वे आपस में बिजनेस नेटवर्किंग, कनेक्शन, सहयोग और नए अवसरों के माध्यम से जुड़ सकें। संगठन का उद्देश्य महिला उद्यमियों को एक-दूसरे के व्यवसाय को समझने और आपसी सहयोग के जरिए अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर देना है।
डब्ल्यूबीसी की सचिव मीनाक्षी पालीवाल ने संगठन के विजन एवं मिशन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देशभर की अधिक से अधिक महिलाओं को डब्ल्यूबीसी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें मजबूत बिजनेस नेटवर्क, नए कनेक्शन, सीखने के अवसर और व्यवसाय विस्तार के लिए आवश्यक सहयोग मिल सके। नेटवर्किंग सत्र में महिला उद्यमियों ने अपने-अपने व्यवसायों का परिचय दिया। उन्होंने एक-दूसरे के उत्पादों एवं सेवाओं को समझने के साथ संभावित बिजनेस सहयोग और नए कनेक्शन की संभावनाओं पर चर्चा की। इससे प्रतिभागियों को अपने नेटवर्क का विस्तार करने और भविष्य में नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का मंच मिला।
कार्यक्रम का सबसे खास और खुशनुमा आकर्षण भजन जामिंग रहा। महिला उद्यमियों ने मिलकर भजनों का आनंद लिया और संगीत के साथ यादगार पल साझा किए। बिजनेस की चर्चाओं के बीच भक्ति और संगीत से जुड़ी इस गतिविधि ने कार्यक्रम में सकारात्मकता, आत्मीयता और उत्साह का माहौल बना दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!