10 अगस्त को होगा मतदाता सूची का सार्वजनिक पठन, प्रगणकों को निर्देश

उदयपुर में मतदाता सूची के सार्वजनिक पठन को लेकर बैठक
उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 8 अगस्त। पंचायती राज एवं नगर निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत शनिवार को पंचायत समिति सभागार, बड़गांव में मतदाता सूचियों के सार्वजनिक पठन एवं पुनरीक्षण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी मनसुख डामोर ने की।
उपखंड अधिकारी डामोर ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि 10 अगस्त को अपने-अपने वार्ड एवं भाग के प्रमुख चैराहों पर मतदाता सूचियों का सार्वजनिक पठन किया जाए। उन्होंने कहा कि पठन के दौरान मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित दावों एवं आपत्तियों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में पंचायत समिति बड़ागांव की 30 ग्राम पंचायतों के प्रगणक एवं सुपरवाइजर तथा नगर निगम उदयपुर के वार्ड संख्या 1, 79 एवं 80 के संबंधित प्रगणक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
अतिरिक्त विकास अधिकारी हनुमान गुर्जर ने निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में मतदाता सूची संबंधी कार्य को प्रगणक एवं सुपरवाइजर टीम भावना के साथ पूर्ण करें। बैठक में मास्टर ट्रेनर, सुपरवाइजर, सभी प्रगणक तथा नगर निगम के संबंधित प्रगणक भी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही पंचायत एवं नगरीय निकायों के विभिन्न बूथों का उपखंड अधिकारी, तहसीलदार एवं ब्लॉक स्तर के अन्य अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन भी किया गया। अधिकारियों ने संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मतदाता सूची के कार्य को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!