आर्मेनिया स्टार्टअप समिट में विश्व के शीर्ष-20 स्टार्टअप्स में बनाई जगह
उदयपुर, 4 अगस्त। येरेवन, आर्मेनिया में आयोजित प्रतिष्ठित सीसाइड स्टार्टअप समिट 2026 में राजस्थान सरकार के आई-स्टार्ट उदयपुर द्वारा इनक्यूबेटेड, उदयपुर के युवा उद्यमी नितेश त्रिपाठी और आयुष जानी द्वारा स्थापित एआई-संचालित वैश्विक व्यापार मंच सिमबाॅक्स ने विश्व के शीर्ष-20 स्टार्टअप्स में स्थान बनाकर भारत का गौरव बढ़ाया। 72 देशों के 1,000 से अधिक स्टार्टअप्स के बीच आयोजित इस वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अपनी तकनीकी क्षमता, नवाचार और उद्यमशीलता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिससे भारत एक बार फिर वैश्विक स्टार्टअप मानचित्र पर मजबूती से उभरकर सामने आया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करते हुए भारत के अनेक स्टार्टअप्स ने वैश्विक निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और मार्गदर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। सोलज़ेन सॉफ्टवेयर, ट्रेवेरोस फिनटेक, सेटलेक्स सर्विसेज, काइट, स्टूडेंट्स वॉयस, द बेसिक साइको,सिमबाॅक्स, येलो मैट्रिक्स, नियरबक्स, स्वस्थ स्मृति तथा पिकापूल सहित अनेक भारतीय स्टार्टअप्स ने समिट में भाग लिया।
इस वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत के सात स्टार्टअप्स विश्व के शीर्ष-20 में स्थान बनाने में सफल रहे। उदयपुर, राजस्थान से विकसित एआई-संचालित वैश्विक व्यापार मंच सिमबाॅक्स ने विश्व में 12वाँ स्थान प्राप्त कर भारत की डीप-टेक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नवाचार क्षमता की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। समिट के दौरान सिमबाॅक्स को कई प्रतिष्ठित वेंचर कैपिटल निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया और गहरी रुचि प्राप्त हुई। वर्तमान में स्टार्टअप मध्य-पूर्व के कुछ निवेशकों के साथ अफ्रीकी बाज़ारों में विस्तार की संभावनाओं को लेकर चर्चा कर रहा है। उदयपुर, राजस्थान से विकसित सिमबाॅक्स एक एसआई-संचालित वैश्विक व्यापार मंच है, जो भारतीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, निर्माताओं और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की पहचान करने, संभावित निर्यात बाज़ारों का विश्लेषण करने तथा एकीकृत डिजिटल मंच के माध्यम से वैश्विक व्यापार को सरल बनाने में सक्षम बनाता है। विश्व के शीर्ष-20 स्टार्टअप्स में स्थान तथा 12वीं रैंक प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि भारत के टियर-2 शहरों से विकसित डीप-टेक स्टार्टअप्स भी वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।
इस अवसर पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने संदेश साझा किया। इसमें बताया कि आर्मेनिया के इस वैश्विक मंच पर भारत के इतने सारे नवाचारी स्टार्टअप्स को एक साथ देखना अत्यंत गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री जी की जो सोच है कि नवाचार हर भारतीय के डीएनए में है, वह आज यहाँ साकार होती दिखाई दे रही है। यह सफलता किसी एक व्यक्ति या किसी एक स्टार्टअप की नहीं, बल्कि भारत के सशक्त होते स्टार्टअप इकोसिस्टम की सामूहिक जीत है। हम सभी मिलकर एक सशक्त, सुरक्षित, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यह उपलब्धि न केवल सिमबाॅक्स के लिए, बल्कि उदयपुर, राजस्थान, आई स्टार्ट तथा भारत के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए भी गर्व का विषय है। यह सिद्ध करती है कि सही दृष्टि, नवाचार, संस्थागत सहयोग और वैश्विक सोच के साथ टियर-2 शहरों से निकलने वाले भारतीय स्टार्टअप्स भी विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं, वैश्विक निवेशकों का विश्वास अर्जित कर सकते हैं और भारत को नवाचार की नई ऊँचाइयों तक पहुँचा सकते हैं।
