उदयपुर, 18 जुलाई। शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार निभाते हुए ग्रामीण मददकाशी फाउंडेशन के संस्थापक संदीप पाटीदार एवं सरोज पाटीदार ने राजस्थान बाल विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय झाड़ोल के जरूरतमंद एवं वंचित विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फाउंडेशन की ओर से विद्यालय में अध्ययनरत 60 जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग तथा 150 विद्यार्थियों को स्टेशनरी एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। विद्यार्थियों के चेहरों पर नई शैक्षणिक सामग्री पाकर खुशी साफ झलक रही थी।
इस अवसर पर संदीप पाटीदार एवं सरोज पाटीदार ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना चाहिए, ताकि हर बच्चा अपने सपनों को साकार कर देश और समाज के विकास में योगदान दे सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण मददकाशी फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।
कार्यक्रम में अमृत राज पाटीदार, अंजली राज पाटीदार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय परिवार ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं उपयोगी प्रयास बताया।
ग्रामीण मददकाशी फाउंडेशन ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटे स्कूल बैग व शैक्षणिक सामग्री
