‘वंदे मातरम् फुटबॉल टैलेंट सर्च प्रतियोगिता’ प्रारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

भीलवाड़ा, 17 जुलाई। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की पहल पर विधायक खेल विकास योजना के समर्थन में पहली बार भारत विकास परिषद , वीर शिवाजी शाखा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘वंदे मातरम् फुटबॉल टैलेंट सर्च प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन आगामी 19 जुलाई तक किया जाएगा।
विधायक खेल विकास योजना के संयोजक शिक्षाविद विवेक निमावत ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य भीलवाड़ा की फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन करना है।
प्रतियोगिता के मुख्य कोच अजीत जैन ने बताया कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर सर्वश्रेष्ठ 18 खिलाड़ियों का चयन कर एक सशक्त टीम तैयार की जाएगी, जो भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व कर सके।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता आईपीएल पैटर्न पर आयोजित होगी, जिसमें 8 प्रायोजित टीमें भाग लेंगी। सभी मुकाबले प्रतिदिन शाम 5 बजे से प्रारंभ होंगे। प्रतियोगिता दो आयु वर्ग 3 से 10 वर्ष तथा 11 से 14 वर्ष में आयोजित होगी। प्रत्येक आयु वर्ग में चार-चार टीमें रहेंगी तथा प्रत्येक टीम को तीन लीग मैच खेलने का अवसर मिलेगा ।
प्रदर्शन के आधार पर 10 आधिकारिक खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें जर्सी प्रदान की जाएगी, जो पूरे टूर्नामेंट में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने  बताया कि जो खिलाड़ी आधिकारिक टीम में चयनित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए भी तीनों दिन फ्रेंडली मैच आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक बच्चे को पर्याप्त खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
जैन ने अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया है।
“आज का खिलाड़ी ही कल का भारत बनाएगा” की भावना के साथ आयोजित यह प्रतियोगिता भीलवाड़ा में फुटबॉल प्रतिभाओं को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!