एसीबी स्पेशल यूनिट ने युवाओं को किया भ्रष्टाचार के खिलाफ पहल के लिए प्रेरित
उदयपुर, 17 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशन एवं पुलिस महानिदेशक के नेतृत्व में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा 12 जुलाई से 17 जुलाई तक राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर आमजन को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक करते हुए इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इसी क्रम में शुक्रवार को उदयपुर में एसीबी स्पेशल यूनिट के उपनिरीक्षक मोहम्मद जाबिर एवं कांस्टेबल राजेश जाट ने सूचना केंद्र स्थित वाचनालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि समाज की जागरूकता से ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को एसीबी हेल्पलाइन 1064 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि रिश्वत की मांग अथवा भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सूचना इस हेल्पलाइन पर गोपनीय रूप से दी जा सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएं और स्वच्छ एवं पारदर्शी प्रशासन की स्थापना में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्यव्यापी जागरूकता अभियान
