सुरों की संध्या में गूंजे सदाबहार नगमे, 25 लाइफ टाइम ट्रस्टियों के सम्मान से सजा सृजन द स्पार्क का समारोह

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

निर्माणाधीन संगीत अकादमी की प्रगति का हुआ लाइव प्रेजेंटेशन, अगले वर्ष जून तक तैयार होगी अत्याधुनिक एकेडमी
उदयपुर। कला, संस्कृति और संगीत को समर्पित अंतरराष्ट्रीय संस्था सृजन द स्पार्क द्वारा सज्जनगढ़ स्थित होटल जुस्टा में आयोजित सुरमयी शाम संगीत, सम्मान और संकल्प का अनूठा संगम बन गई। सदाबहार गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को देर तक सुरों के जादू में बांधे रखा। वहीं ढीकली रोड पर निर्माणाधीन संगीत अकादमी की प्रगति का लाइव प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया तथा अकादमी के निर्माण में विशेष सहयोग देने वाले 25 लाइफ टाइम ट्रस्टियों सहित अनेक सहयोगियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संरक्षक एवं सेवानिवृत्त आईपीएस प्रसन्न कुमार खमेसरा, एपेक्स चेयरमैन राजेश खमेसरा, अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा तथा पूर्वाध्यक्ष श्याम एस. सिंघवी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
संगीत संध्या में विनोद सनाढ्य ने “कान्हा-कान्हा आन पड़ी मैं तेरे द्वार…”, अनुतोष मजुमदार ने “ऐसा मौका फिर कहाँ मिलेगा…” तथा अजय अग्रवाल ने “छलके तेरी आँखों से शराब और भी…” जैसे सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर माहौल को सुरमय बना दिया। संस्था के अन्य सदस्यों ने भी अपनी मखमली आवाज़ से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
पूर्वाध्यक्ष श्याम एस. सिंघवी ने बताया कि वर्ष 2013 में मात्र 13 सदस्यों के साथ शुरू हुई संस्था आज देश-विदेश में एक हजार से अधिक सदस्यों का परिवार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि ढीकली रोड पर बन रही अत्याधुनिक संगीत अकादमी संस्था का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसे आगामी वर्ष 30 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
समारोह में अकादमी के निर्माण में तन, मन और धन से सहयोग देने वाले पी.एस. तलेसरा, मानिक नाहर, गोविन्द अग्रवाल, भूपेन्द्र श्रीमाली, हिमांशु चौधरी, विनोद फान्दोत, अनिल मेहता, योगेश मेहता, जयंत कोठारी, संजीव मेहता, सौरभ खेतान,नदीम अंजुम सहित 25 लाइफ टाइम ट्रस्टियों तथा जी.आर. लोढ़ा, ओ.पी. अग्रवाल, प्रकाश लोढ़ा, परमेश्वर अग्रवाल, विकास सुराणा, इकराम कुरैशी, नरेन्द्र चोरड़िया, दिलीप सुराणा, मंसूरअली हीतावाला, दिनेश बजाज,रमेश खट्टर सहित अन्य सहयोगियों को उपरना एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रसन्न कुमार खमेसरा ने कहा कि यह संगीत अकादमी आधुनिक सुविधाओं से युक्त अपनी तरह की पहली संस्था होगी, जहाँ संगीत की हर विधा का प्रशिक्षण मिलेगा और नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि संस्था के देश-विदेश में 17 चैप्टर सक्रिय हैं। हाल ही में आसनसोल में नया चैप्टर शुरू किया गया है तथा शीघ्र ही रांची में भी नया चैप्टर प्रारंभ होगा।
संस्था के उदयपुर चैप्टर अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संस्था की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन ब्रजेन्द्र सेठ ने किया।
यह सुरमयी शाम केवल संगीत का उत्सव नहीं, बल्कि संगीत संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के सृजन द स्पार्क के संकल्प और सामूहिक सहयोग का प्रेरक उत्सव बन गई।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!