मुखर्जी चौक पर सडक़ पर सब्जी बेचने वालों को हटाया, मंडी में किया शिफ्ट

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। शहर के मुखर्जी चौक में सडक़ पर लगने वाली सब्जी मंडी को गुरूवार को नगर निगम की टीम ने हटा दिया। निगम ने इसे अतिक्रमण मानते हुए पुलिस जाब्ते के साथ सभी को हटाकर पास ही बनी मंडी में शिफ्ट कर दिया। इस दौरान यहां पर सब्जी बेचने वाली महिलाओं ने जमकर विरोध किया और धरने पर बैठ गई पर निगम की टीम भी नहीं मानी और हटाकर ही दम लिया।

शहर विधायक ताराचंद जैन ने लम्बे समय से यह प्रयास कर रहे थे कि सडक़ पर बैठकर सब्जी बेचने वाले मंडी में शिफ्ट हो जाए ताकी यहां पर लोगों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े। जानकारी के अनुसार मुखर्जी चौक में वर्षों से सडक़ पर महिलाएं बैठकर सब्जी बेच रही है। निगम ने सडक़ पर बैठकर सब्जी बेचने वाले सभी महिला और पुरूषों को पास में ही एक मंडी बनाकर शिफ्ट करने योजना बनाई। निगम ने लाखों रूपए खर्च कर मंडी बनाई पर सडक़ पर बैठकर सब्जी बेच रहे लोग वहां पर जाने को तैयार नहीं थे।

इधर शहर विधायक जैन भी लगातार इसी प्रयास में थे कि सडक़ पर बैठकर सब्जी बेच रहे सभी विक्रेताओं को मंडी में शिफ्ट किया जाए इसके लिए उन्होंने नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना को कार्ययोजना बनाकर इन सभी को शिफ्ट करने के लिए कहा। निगम आयुक्त के निर्देश पर गुरूवार सुबह डिप्टी छवि शर्मा, नगर निगम के पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी मय टीम, सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह, धानमंडी थानाधिकारी भँवरलाल और कंट्रोल रूम के जाब्ते के साथ मौके पहुंची और जाते ही सब्जी विक्रेताओं को हटाने का काम शुरू कर दिया। जैसे ही हटाने का काम शुरू किया तो फल-सब्जी विक्रेताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया। मौके पर सब्जी विक्रेता सडक़ पर ही बैठकर धरना शुरू कर दिया और निगम के खिलाफ नारेबाजी की। निगम की टीम और पुलिस ने समझाईश भी की पर ये लोग मानने को तैयार नहीं हुए। इधर मौके पर गए जाब्ते ने वहां पर रखा सामान हटाना शुरू कर दिया और सब्जी विक्रेताओं द्वारा सडक़ पर रखा गया सामान हटा दिया। इधर सूचना मिलने पर मौके पर कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, कांग्रेस की पूर्व पार्षद नजमा मेवाफरोश सहित अन्य लोग भी पहुंच गए और मौके पर जमकर आक्रोश जताया। उनका कहना है कि निगम पार्किंग के नाम पर 40 सालों से यहां सब्जी-फल बेच रही गरीब महिलाओं को हटा रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने बताया कि इस बाजार हटाकर इन्हें शिफ्ट नहीं करने पर सालों से बैठने वाले छोटे व्यापारियों की आजीविका सीधे तौर पर प्रभावित होगी। यह नगर निगम की संवेदनहीनता व्यवस्था है। पूर्व पार्षद नजमा मेवाफरोश ने बताया कि मुखर्जी चौक के बाहर फुटपाथ पर बैठकर फल-सब्जी बेचने वालों में ज्यादातर गरीब महिलाएं है, जो रोज कमाकर अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करती हैं। दिनभर चले घटनाक्रम के बाद मौके से एक प्रतिनिधि मंडल नगर निगम गया और वहां पर आयुक्त अभिषेक खन्ना से मिले। निगम में प्रतिनिधि मंडल ने आयुक्त के सामने अपनी बात रखी और आयुक्त ने भी उन्हें समझाया। आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क पर बैठकर किसी को भी सब्जी नहीं बचने दी जाएगी। आयुक्त ने कहा कि निगम ने सब्जी विक्रेताओं के लिए मंडी बनाई है और सभी सब्जी विक्रेता को मंडी में ही बैठकर व्यवसाय करना होगा।इसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया, जिसमें उन्हें सड़क पर बैठकर ही व्यवसाय करने की मांग की गई। मंडी को शिफ्ट करने के बाद अब यह सब्जी व्यवसाय पुनः सड़क पर ना बैठे इसके लिए नगर निगम का पुलिस जाब्ता और स्थानीय पुलिस समय समय पर गश्त करेंगी। जो भी सड़क पर बेचकर सब्जी व्यवसाय करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम की कार्यवाही होने के बाद और सभी सब्जी विक्रेताओं को मंडी में शिफ्ट करने के बाद  शहर विधायक जैन ने मुखर्जी चौक सब्जी मंडी पहुंच सब्जी विक्रेताओं से बात भी की और उन्हें मंडी में ही बैठकर व्यवसाय करने के लिए कहा। विधायक जैन ने सब्जी विक्रेताओं को कहा कि वह मंडी में बैठकर व्यवसाय करेंगे तो वह बारिश और तेज गर्मी से भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को मंडी में पर्याप्त सफाई । रखने के लिए भी निर्देशित किया। इस दौरान उनके साथ मंडल अध्यक्ष विजय आहुजा, निवर्तमान पार्षद शिल्पा पामेचा सहित स्थानीय लोग मौजूद थे। नगर निगम अब जिस सड़क पर बैठकर सब्जी बेचते थे वहां पर पार्किंग की व्यवस्था भी करेगी ताकि बड़ा बाजार सराफा बाजार मुकरी चौक सहित इस क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में आने वाले लोग अपने चार पहिया वाहन वहां पर कर सकेंगे और आसानी से खरीदारी कर पाएंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!