उदयपुर, 1 जुलाई। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब दृष्टि, उदयपुर द्वारा शहर के 10 प्रतिष्ठित चिकित्सकों का उनके उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं, समर्पण और समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मान किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके द्वारा मानवता की सेवा में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि डॉक्टर केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसी भावना के साथ डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का अभिनंदन कर उनके कार्यों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब की संरक्षक डॉ. स्वीटी छाबड़ा, डॉ. दृष्टि छाबड़ा, डॉ. नितिन कौशिक, रोटेरियन सुनीता सिंघवी, रोटेरियन विक्रमादित्य सिंह कृष्णावत, रोटेरियन मोहित राजानी, रोटेरियन आर्चिस जैन एवं रोटेरियन रश्मि बोहरा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने चिकित्सकों के समर्पण और सेवा भावना को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपस्थित सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। डॉक्टर्स डे के इस आयोजन ने समाज में चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया।
डॉक्टर्स डे पर रोटरी क्लब दृष्टि ने 10 चिकित्सकों का किया सम्मान
