उदयपुर। नागदा ब्राह्मण समाज युवा मंच संस्थान द्वारा रविवार को शोभागपुरा स्थित अशोका ग्रीन पैलेस में छठे विद्याश्री सम्मान-2026 समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं विद्याश्री सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, वहीं अभिभावकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। संस्थान के संस्थापक एवं संचालक देवीलाल नागदा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं का आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें शिक्षा, कौशल और बेहतर भविष्य की दिशा में प्रेरित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. एच.आर. दवे ने विद्यार्थियों को प्रेरक उद्बोधन देते हुए लक्ष्य निर्धारण और निरंतर मेहनत का संदेश दिया। मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश उच्च शिक्षा परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष प्रो. दरिया सिंह चुंडावत ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों से जोड़ने का सशक्त मंच भी है। विशिष्ट अतिथि बड़ाला क्लासेज के निदेशक राहुल बडाला को शिक्षा गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता संरक्षक विष्णु शर्मा हितेषी ने की। अतिथियों का स्वागत देवीलाल नागदा, योगेश नागदा, हेमंत नागदा एवं कवीश नागदा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर किया। समारोह में राजकीय सेवाओं में चयनित समाज के युवा-युवतियों को समाज गौरव रत्न से सम्मानित किया गया। इनमें मनोज नागदा, गौरव नागदा, दिनेश नागदा, दीपिका नागदा (जेईएन), राहुल नागदा (जेईएन), जाह्नवी नागदा (एमबीबीएस), खुशी नागदा (आयुर्वेद), हेमलता नागदा, ललिता नागदा (पीएचडी) तथा अध्यापक नंदिनी नागदा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाली एनसीसी कैडेट को भी विशेष सम्मान दिया गया। संस्थान की क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों तथा स्वर्गीय रवि नागदा को मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया। समाज सेवा एवं सहयोग के लिए स्वर्गीय केरिंगजी नागदा को समाज रत्न सम्मान से मरणोपरांत सम्मानित किया गया, जिसे उनके पौत्र नरेंद्र नागदा ने ग्रहण किया। इसके अलावा संस्थान के उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं कृष्णा नागदा, गौरव नागदा, भगवतीलाल नागदा, शंकरलाल नागदा एवं मांगीलाल नागदा को युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गणेशलाल नागदा ने किया, जबकि अंत में सहसंयोजक योगेश नागदा ने आभार व्यक्त किया।
विद्याश्री सम्मान समारोह में मेधावियों का हुआ सम्मान
