देश-प्रदेश की खुशहाली की प्रभु से करेंगे कामना
जिला स्तरीय कार्यक्रम महाकालेश्वर मंदिर में होगा आयोजित, उपखण्ड स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
उदयपुर, 9 जून। राज्य सरकार के निर्देशन में जिले में बुधवार को धार्मिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। देवस्थान विभाग के तत्वावधान में प्रातः 8 बजे जिले के प्रमुख देवालयों में विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि देवस्थान विभाग द्वारा आयोजित विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रम के तहत जिले के प्रमुख मंदिरों में प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा सर्वजन कल्याण की कामना के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम रानी रोड स्थित महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा आमजन की सहभागिता रहेगी। इसी प्रकार जिले के सभी उपखण्ड मुख्यालयों पर स्थित प्रमुख देवालयों में भी प्रातः 8 बजे विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नारी चैपाल का होगा आयोजन
महिलाओं के सशक्तिकरण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रातः 11 बजे सहेलियों की बाड़ी स्थित एसआईईआरटी सभागार में नारी चैपाल का आयोजन किया जाएगा। नारी चैपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्वंय सहायता समूह की सखियां भाग लेंगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं पर चर्चा की जाएगी तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना पर परिलाभ वितरण कार्यक्रम 19 जून को
कर्मचारियों, नियोक्ताओं और हितधारकों को मिलेगी महत्वपूर्ण जानकारी
उदयपुर, 9 जून। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर द्वारा आगामी 19 जून को युसीसीआई सभागार में प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना विषयक राष्ट्रव्यापी परिलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, नियोक्ताओं, श्रमिक संगठनों तथा अन्य हितधारकों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करना और इसके प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना है।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त रौनक जैन ने बताया कि कार्यक्रम में योजना के तहत लाभार्थियों को देय परिलाभों का वितरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न प्रावधानों, लाभों एवं पात्रता संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान कर उन्हें योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम में योजना से संबंधित नवीनतम दिशा-निर्देश एवं प्रक्रियाएं, नियोक्ताओं और कर्मचारियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियां, योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम, लाभार्थियों को मिलने वाले विभिन्न लाभ एवं सुविधाएं, योजना से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं और समस्याओं का समाधान आदि पर चर्चा की जाएगी। ईपीएफओ ने क्षेत्र के सभी प्रतिष्ठानों, नियोक्ताओं, कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों, उद्योग प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित पक्षों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि केंद्र सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंच सके।
