उदयपुर। कथक आश्रम संस्थान और एम स्क्वायर प्रोडक्शन एंड इवेंट्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उदयपुर डांस फेस्टिवल के अंतर्गत निःशुल्क बॉलीवुड डांस वर्कशॉप का सफल आयोजन मधुश्री बैंक्वेट हॉल में किया गया। इस वर्कशॉप में शहर के बच्चों, युवाओं एवं नृत्य प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पूरे उत्साह के साथ बॉलीवुड डांस की नई तकनीकों एवं स्टाइल्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
वर्कशॉप में एक्सप्लोजन डांस स्टूडियो के डायरेक्टर एवं कोरियोग्राफर वैभव कुमार पुरोहित ने प्रतिभागियों को बॉलीवुड डांस स्टाइल का विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विभिन्न डांस मूव्स, मंच प्रस्तुति (स्टेज प्रेजेंटेशन) एवं परफॉर्मेंस तकनीकों की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं सीखने की ललक देखने को मिली।
कथक आश्रम संस्थान की संस्थापिका चंद्रकला चौधरी ने बताया कि उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026 का मुख्य आयोजन आगामी 12 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में देश-विदेश के प्रतिभाशाली नृत्य कलाकार एवं प्रतियोगी भाग लेकर अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा नृत्य एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में विपुल श्रीवास्तव, सभी तलरेचा, छवि तलनेजा एवं अन्य सहयोगियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया।
इसी दौरान एंकर नितिन दशोरा द्वारा प्रतिभागियों एवं उनके अभिभावकों के लिए माइंडपावर, बॉडी हीलिंग एवं इनर पीस जैसे विषयों पर विशेष वर्कशॉप भी आयोजित की गई। इस सत्र में छोटे बच्चों से लेकर उनके पैरेंट्स तक को मानसिक मजबूती, सकारात्मक सोच एवं बेहतर जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
नितिन दशोरा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य डिप्रेशन जैसी मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने से रोकना तथा उन्हें सामान्य जीवन की ओर वापस लाने में सहयोग प्रदान करना है। साथ ही बच्चों के बेहतर भविष्य, आत्मविश्वास एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी आवश्यक जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि इसका एडवांस सेशन आगामी वर्कशॉप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति मानसिक तनाव, चिंता या किसी प्रकार की परेशानी से गुजर रहा है, वह इस वर्कशॉप से जुड़कर लाभ प्राप्त कर सकता है।
वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त ऊर्जा, उत्साह एवं सीखने की ललक देखने को मिली। सभी प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं यादगार अनुभव बताया।
उल्लेखनीय है कि उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न नृत्य कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने एवं मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।
