आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को मिला सर्वांगीण विकास का प्रशिक्षण
उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर अशोका, बीइंग मानव एवं मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 1 से 7 जून तक आयोजित 7 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर का रविवार को अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में सफलतापूर्वक समापन हुआ। सात दिनों तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान एवं आध्यात्मिकता का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
रोटरी क्लब उदयपुर अशोका के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि शिविर के प्रथम तीन दिनों में प्रसिद्ध प्रशिक्षक एवं पहलवान गौरीशंकर जी द्वारा आत्मरक्षा एवं तलवार प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं एवं युवाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके, संकट की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय सिखाए गए।
उन्होंने बताया कि चौथे दिन डॉ. जितेन्द्र मेघवाल एवं उनकी टीम द्वारा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली, रोगों की रोकथाम तथा प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व की जानकारी दी गई।
रोटरी क्लब उदयपुर अशोका के वर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन राहुल माखिजा ने बताया कि पांचवें दिन नारी निकेतन में विशेष योग एवं व्यायाम सत्र आयोजित किया गया।
रोटरी अशोका के आगामी सत्र के अध्यक्ष आलोक गुप्ता एवं सचिव डॉ. पूजा देविजा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज हित में एक उत्कृष्ट पहल बताया। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन हेतु सहयोग देने का आश्वासन दिया।
डॉ. मीनाक्षी पालीवाल एवं डॉ. किरण पालीवाल ने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, शारीरिक व्यायाम तथा नियमित योग के लाभों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
शिविर इंचार्ज राजश्री सिसोदिया ने बताया कि छठे दिन विशेष मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शकुंतला जी ने प्रतिभागियों को मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच एवं एकाग्रता बढ़ाने के लिए ध्यान की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया।
मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट की संस्थापिका बसंती वैष्णव ने बताया कि समापन समारोह के अवसर पर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक पंडित सत्यनारायण चौबीसा द्वारा संगीतमय हनुमानचालीसा की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही शिविर में सहयोग देने वाले प्रशिक्षकों, चिकित्सकों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया।
समापन समारोह में रोटरी क्लब उदयपुर अशोका के संस्थापक मुकेश माधवानी, वर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन राहुल माखिजा, आगामी अध्यक्ष आलोक गुप्ता , सचिव डॉ पूजा देवीजा, मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट की संस्थापिका बसंती वैष्णव, शिविर इंचार्ज राजश्री सिसोदिया, विजय सिंह कच्छावा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
