उदयपुर के रेलवे ट्रेनिंग स्कूल परिसर में खुलेगा रेलवे कोच रेस्टोरेंट

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। रेलवे मंत्रालय देशभर में रेलगाडियों का संचालन करने के साथ साथ पहले होटल लाईन के बाद अब रेलवे कोच रेस्टोरेंट के व्यवसाय में आगे बढ रहा है। रेलवे द्वारा देश के कुछ शहरों में पुराने हो चुके रेलवे कोच को रेलवे रेस्टोरेंट में तब्दील कर उनमें रेस्टोरेंट शुरू किए गए है। इसी क्रम में रेलवे के देश चार ट्रेनिंग सेंटर में से एक उदयपुर में सुखाडिया सर्कल स्थित क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान के परिसर के एक हिस्से में रेलवे कोच रेस्टोरेंट शुरू किया जा रहा है। क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर के प्राचार्य जय प्रकाश ने बताया कि रेल कोच रेस्टोरेंट देश में पहले से ही कई जगहों पर चल रहे है। अब उदयपुर भी इससे जुड जाएगा। इसके लिए रेल प्रशासन द्वारा पुराना अनुपयोगी हो चुका रेल कोच उदयपुर लाया गया। राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से इस कोच को ट्रेलर पर चढाकर सुखाडिया सर्कल स्थित रेलवे प्रशिक्षण संस्थान के फतहपुरा—पुला मार्ग वाले हिस्से तक लाया गया। यहां रेस्टोरेंट परिसर विकसित करने के लिए केंद्र की चारदीवारी को तोडकर रास्ता निकाला गया। यहीं से रेल कोच को अंदर स्थापित किया जाएगा। सडक किनारे खडे ट्रेलर में लदे रेल कोच को वहां से गुजरते लोग एकाएक देख सोचने को मजबूर हो गए। एक पल के लिए वाहन का ब्रेक लगाकर लोग जिज्ञासावस उसे देखते निहारते रहे। जानकारी के अनुसार रेलवे कोच रेस्टोरेंट संचालन के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा अनुबंध किया गया। रेस्टोरेंट संचालक द्वारा यहां पूरा परिसर विकसित किया जाएगा इसमें करीब एक माह का समय संभावित है। यहां ओपन कैफे का भी प्लान है। रेस्टोरेंट शुरू होने पर शहरवासियों और पर्यटकों को अलग हटकर ट्रेन में लंच डीनर का फिलिंग देगा। ऐसा ही एक रेलवे कोच रेस्टोरेंट फिरोजाबाद के टूंडला रेलवे स्टेशन पर रेल कोच में संचालित है। रेलवे प्लेटफॉर्म पर खड़े खाली डिब्बे को एक सुंदर और आकर्षक रेस्टोरेंट के रूप में तैयार किया गया है। यहां यात्रियों के लिए शुद्ध शाकाहारी खाना और फास्टफूड आइटम मिलते हैं। यह रेस्टोरेंट दूर से देखने पर एक ट्रेन का कोच ही नजर आता है, लेकिन इसके अंदर का नजारा लोगों को बेहद आकर्षित कर देता है। ट्रेन के कोच को इस तरह सजाया गया है कि बाहर से देखने पर यह बिल्कुल एक कोच की तरह ही नजर आता है, लेकिन इसके अंदर का नजारा लोगों को सेल्फी लेने पर मजबूर कर देता है। यहां आसपास के शहर के लोग ही नहीं, बल्कि दूर-दूर से लोग सेल्फी लेने के लिए खिंचे चले आते हैं। इस रेस्टोरेंट में सबसे अधिक विदेशी यात्री आते हैं और खाना खाकर जाते हैं। इसके अलावा यहां मैरिज एनीवर्सरी, रिंग सेरेमनी और बर्थडे पार्टी की बुकिंग करने पर लोगों को छूट भी दी जाती है। दौसा रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत हुई है। यहां पुराने रेल कोच को लग्जरी रेस्टोरेंट में बदलकर श्री फूड एक्सप्रेस की शुरुआत की गई है। रेलवे की इस पहल ने स्टेशन को सिर्फ यात्रा का स्थान नहीं, बल्कि एक आकर्षक फूड डेस्टिनेशन में बदल दिया है। अब यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार करते हुए आरामदायक माहौल में स्वादिष्ट भोजन का आनंद ले सकते हैं। यह प्रोजेक्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर आधारित है, जिसमें पुराने कोच को एक निश्चित अवधि के लिए निजी संचालकों को लीज पर दिया गया है। इससे रेलवे संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित हो रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!