एम.एस. मधोक बने उदयपुर चैप्टर के नए अध्यक्ष
मोरिंगा वैली में आयोजित बैठक में स्वस्थ जीवनशैली, मिलेट्स और योग पर हुई सार्थक चर्चा
उदयपुर। अखिल भारतीय सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारियों के संगठन (उदयपुर चैप्टर) की द्विमासिक बैठक रविवार शाम प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर मोरिंगा वैली में आयोजित की गई। बैठक का आतिथ्य श्रीमती नमिता प्रियदर्शिनी एवं श्री अनुराग प्रियदर्शी ने किया।
बैठक के दौरान संगठन के वर्तमान अध्यक्ष श्री एस.के. वर्मा के नई दिल्ली स्थानांतरित होने के कारण अध्यक्ष पद रिक्त होने पर सर्वसम्मति से वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी (सेवानिवृत्त) श्री एम.एस. मधोक को उदयपुर चैप्टर का नया अध्यक्ष चुना गया। उपस्थित सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को नई दिशा प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को लेकर विशेष विचार-विमर्श हुआ। सदस्यों ने दैनिक जीवन में मिलेट्स (श्रीअन्न) के बढ़ते महत्व, उनके स्वास्थ्य लाभों तथा योग एवं मेडिटेशन आधारित जीवनशैली को अपनाने की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन के लिए प्राकृतिक एवं पारंपरिक जीवन मूल्यों को पुनः अपनाना समय की आवश्यकता है।
प्रकृति के मनोहारी वातावरण में आयोजित इस आत्मीय मिलन समारोह में सदस्यों ने आपसी संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।
बैठक में श्री एम.एस. मधोक, श्री मुनीश गोयल, श्री एस.पी. खरकावत, श्री नसीर अहमद, श्री राहुल भटनागर, श्री एन. प्रियदर्शी, श्री ओ.पी. शर्मा, श्रीमती विनीता वोहरा, श्री बी.एल. कोठारी, श्री एस.एन. मिश्रा एवं श्री आर.के. जैन सहित अन्य सदस्य सपत्नीक उपस्थित रहे।
