भीलवाड़ा में गौ सम्मान आह्वान अभियान की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न

भीलवाड़ा में आयोजित गौ सम्मान आह्वान अभियान की बैठक

15करोड़ हस्ताक्षर का लक्ष्य

भीलवाड़ा, 28 मई। गौ माता संरक्षण, गौ सेवा एवं गौ सम्मान को लेकर संचालित “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के दूसरे चरण की कार्ययोजना तय करने हेतु जिला स्तरीय बैठक गुरुवार को अग्रवाल उत्सव भवन, रोडवेज बस स्टैंड के सामने आयोजित हुई। बैठक परम पूज्य ग्वाल संत स्वामी श्री गोपालानंद सरस्वती के सानिध्य में सम्पन्न हुई।
बैठक में विधायक अशोक कुमार कोठारी, राजस्थान प्रभारी बहादुर सिंह, साध्वी गुरु मां छो बावड़ी हमीरगढ़, परम गौ भक्त सुनील जागेटिया, एडवोकेट लादूलाल तेली ने उद्बोधित किया। विभिन्न संत-महात्माओं, गौ प्रचारकों, गौशाला संचालकों, मातृशक्ति, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं जिले की विभिन्न तहसीलों से आए प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में आगामी 27 जुलाई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रार्थना पत्र कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई तथा अभियान के दूसरे चरण को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।
परम पूज्य ग्वाल संत स्वामी श्री गोपालानंद सरस्वती ने अपने उद्बोधन में कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, धर्म और सनातन जीवन मूल्यों की आधारशिला है। गौ सेवा केवल आस्था का विषय नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण और मानव कल्याण का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर गौ संरक्षण के लिए आगे आना होगा तथा गांव-गांव में गौ सेवा की भावना जागृत करनी होगी। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक समाज स्वयं जागरूक नहीं होगा तब तक गौ संरक्षण का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो सकता।
राजस्थान प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में राजस्थान की 18 तहसीलों से लक्ष्य 5 करोड़ हस्ताक्षरों के मुकाबले सवा 5 करोड़ हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार का सकारात्मक रवैया बना हुआ है तथा पश्चिम बंगाल, दिल्ली, असम, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में भी अभियान को समर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी अभियान को देशभर में प्रथम चरण में व्यापक जनसमर्थन मिला। दूसरे चरण में गायत्री परिवार, पतंजलि संस्थान, बागेश्वर धाम सरकार सहित विभिन्न संगठनों ने समर्थन दिया है। आगामी चरणों में 40 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि द्वितीय चरण में 27 जुलाई 2026 को है जिसमें 15 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
परम गौ भक्त सुनील जागेटिया ने अभियान की आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि “गौ सेवा, गौ सुरक्षा और गौ सम्मान” का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा तथा अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने सभी गौ भक्तों, तहसील प्रभारियों एवं सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति और आस्था का आधार बताते हुए कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अभियान को सकारात्मक समर्थन देते हुए गौ सेवा राशि में वृद्धि की है। विधायक कोठारी ने गौशालाओं को मिलने वाले अनुदान को 9 माह से बढ़ाकर 12 माह करने की मांग रखते हुए नई गौशालाएं एवं नंदीशालाएं खोलने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति में कामधेनु एवं कल्पवृक्ष के समान मानी गई है, जो मानव जीवन के कल्याण का आधार है। विधायक कोठारी ने केंद्र स्तर पर गौ सेवा विभाग खोलने तथा गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने का समर्थन किया है।
बैठक में जिला स्तरीय टोली के जगदीश चंद्र तेली, नंदलाल, दिनेश लक्षकार, कांति लाल जैन सहित सभी तहसीलों के गौ भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!