खदान में भरे पानी में डूबे दो चचेरे भाई, क्षेत्र में शोक

उदयपुर। समीपवर्ती उमरडा स्थित अरिहंत क्रेशर प्लांट की खान में भरे पानी में डूबने से किशोरवय दो चचेरे भाईयों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस के अनुसार पूर्व सरपंच लोगर मीणा परिवार सहित उमरडा क्षेत्र में आयोजित परसादी में शामिल होने आए थे। इसी दौरान बच्चे खेलते खेलते खदान में भरे पानी की तरफ चले गए। बताया जाता है दोनों चचेरे भाई पानी में उतर गए जहां पैर फिसल जाने के कारण गहरे पानी में चले गए और देखते देखते डूबते गए। सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर तत्काल रेस्क्यू टीम गोताखोर विजय नकवाल, रवि शर्मा, भवानी शंकर वाल्मीकि, बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया तथा चालक प्रकाश राठौड़ ने मौके पर पहुंचकर करीब 5 मिनट में दोनों शवों को पानी से बाहर निकालकर हिरणमगरी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मृतकों की पहचान ओमकार (13) पुत्र नाथूलाल मीणा तथा कुंदन (15) पुत्र नानालाल मीणा निवासी उमरड़ा के रूप में हुई है। पानी से भरी गहरी खान दो हंसते-खेलते परिवारों के चिरागों को हमेशा-हमेशा के लिए लील गई। हादसे की खबर जैसे ही फैली, पूरे गांव के लोग बदहवास होकर खान की तरफ दौड़ पड़े और हर तरफ सिर्फ चीख-पुकार मच गई। कलेजे के टुकड़ों के बेजान शरीरों को देखते ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उमरडा निवासी नाथूलाल के 13 वर्षीय बेटे ओमकार और नानालाल के 15 वर्षीय बेटे कुंदन की इस अकाल मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!