उदयपुर, 20 मई: भगवान श्री सांवलिया सेठ के दरबार में एक श्रद्धालु परिवार ने अनोखी श्रद्धा और आस्था का परिचय देते हुए चांदी का हार्ट (दिल) और चांदी से बना नलकूप भेंट किया। परिवार ने यह भेंट हार्ट ऑपरेशन सफल होने की मन्नत पूरी होने पर अर्पित की।
सांवलियाजी निवासी बालमुकुंद तिवारी ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया था। पहले उन्हें उदयपुर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, बाद में अहमदाबाद रेफर किया गया, जहां उनका बाइपास ऑपरेशन हुआ। उस दौरान पूरा परिवार भगवान सांवलिया सेठ से लगातार प्रार्थना कर रहा था कि ऑपरेशन सफल हो और वे स्वस्थ होकर घर लौट आएं। प्रभु की कृपा से ऑपरेशन सफल रहा और उनकी तबीयत में लगातार सुधार हुआ।
मन्नत पूरी होने पर परिवार के सदस्य बैंड-बाजों और भजनों के साथ शोभायात्रा निकालते हुए मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान को 197 ग्राम वजनी चांदी का हार्ट और चांदी का नलकूप भेंट किया। मंदिर मंडल के भेंट कक्ष में इन वस्तुओं को जमा करवाकर विधिवत रसीद भी प्राप्त की गई।
बालमुकुंद तिवारी के पुत्र उमेश तिवारी ने बताया कि परिवार ने भगवान के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए यह विशेष भेंट अर्पित की। मंदिर प्रशासन के अनुसार सांवलिया सेठ को प्रतिदिन सोने-चांदी की अनेक वस्तुएं चढ़ाई जाती हैं, लेकिन चांदी का हार्ट पहली बार भेंट किया गया है।
परिवार में तीन बेटे दिलीप, मनोज और उमेश तथा एक बेटी दीपिका हैं। परिवार का कहना है कि भगवान सांवलिया सेठ की कृपा से ही आज बालमुकुंद तिवारी पूरी तरह स्वस्थ जीवन जी रहे हैं।
