उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर के वर्ष 2026-27 का भव्य पदस्थापना समारोह रोटरी बजाज भवन में आयोजित किया गया। समारोह में मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जी.आर. मूलचंदानी मुख्य अतिथि, रोटरी प्रांतपाल अरुण बगड़िया विशिष्ट अतिथि तथा पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी पदस्थापना अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति जी.आर. मूलचंदानी ने कहा कि रोटरी विश्व स्तर पर निस्वार्थ सेवा का पर्याय है। स्वास्थय, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, बाल स्वास्थय और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में रोटरी ने उल्लेखनीय कार्य कर समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि रोटरी का उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमावत ने उनका परिचय कराया।
पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी ने क्लब के 69वें अध्यक्ष के रूप में श्रीचंद खथुरिया को शपथ दिलाई। इसके साथ ही अध्यक्ष मनोनीत अजय अग्रवाल, अध्यक्ष निर्वाचित विवेक व्यास सहित सुभाष सिंघवी, नरेंद्र मारू, विनीत दमानी, अनिल छाजेड़, डॉ. अजय मुर्डिया, पी.एस. तलेसरा, रमेश सिंघवी, सतीश जैन, दीपक मेहता, गौरव सिंघवी, अरिहंत दुगड़, संजीव वर्मा, एस.के. महाजन, सुशील बांठिया एवं ओ.पी. सहलोत सहित नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र “स्वयं से ऊपर सेवा” है और यही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
प्रांतपाल अरुण बगड़िया ने कहा कि रोटरी फाउंडेशन में भेजी गई राशि मैचिंग ग्रांट के रूप में वापस समाज सेवा के कार्यों में ही उपयोग होती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष रोटरी राज्य सरकार के सहयोग से बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान तथा महिला कैदियों के कल्याण से जुड़े विशेष प्रकल्पों पर कार्य करेगी। उन्होंने क्लब की नई सदस्य कविशा मनवानी को भी शपथ दिलाई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीचंद खथुरिया ने कहा कि परिवर्तन की शुरुआत एक व्यक्ति करता है, लेकिन उसे जनआंदोलन का रूप समाज देता है। उन्होंने घोषणा की कि क्लब इस वर्ष रोटरी फाउंडेशन से 20 हजार डॉलर की मैचिंग ग्रांट लाकर स्थायी सेवा प्रकल्पों को साकार करेगा, ताकि समाज के जरूरतमंद वर्गों तक अधिक प्रभावी सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने बताया कि बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण को इस वर्ष क्लब की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया जाएगा। इस अवसर पर अनिल छाजेड़ ने उनका परिचय प्रस्तुत किया।
सहायक प्रांतपाल गजेन्द्र जोधावत ने कहा कि रोटरी सेवा और नेतृत्व के नए आयाम स्थापित करते हुए इस वर्ष की अंतरराष्ट्रीय थीम के अनुरूप कार्य करेगी। रोटरी केवल सेवा नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में आशा और विश्वास का संचार करने का माध्यम है।
समारोह के दौरान बुलेटिन संपादक ओ.पी. सहलोत द्वारा प्रकाशित क्लब बुलेटिन का अतिथियों ने विमोचन किया। क्लब की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोयण को कंप्यूटर सेट तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बूझड़ा को फर्नीचर सेट एवं विद्यार्थियों के लिए कॉपियां भेंट की गईं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अध्यक्ष श्रीचंद खथुरिया ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि शीला तलेसरा एवं दर्शना सिंघवी ने ईश वंदना प्रस्तुत कर समारोह को भक्तिमय वातावरण प्रदान किया। समारोह का संचालन प्रभावी ढंग से किया गया तथा अंत में सभी ने सेवा कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
रोटरी क्लब उदयपुर का 69 वा पदस्थापना समारोह आयोजित, 20 हजार डॉलर की मैचिंग ग्रांट से होंगे स्थायी सेवा प्रकल्प
